पिछली घटना से सबक, साप्ताहिक बाजार में पुलिस की सख्ती; मुख्य मार्ग रहा अतिक्रमण मुक्त

0
Spread the love

तेंदूखेड़ा। पिछले सप्ताह हाथठेला किराए के विवाद में हुई हत्या और उसके बाद बने तनावपूर्ण हालात से सबक लेते हुए इस मंगलवार तेंदूखेड़ा पुलिस ने साप्ताहिक बाजार में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष अभियान चलाया। पुलिस की सक्रियता के चलते मुख्य मार्ग पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त रहा और बाजार में लोगों को पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित माहौल महसूस हुआ।

पिछले मंगलवार फल विक्रेता और हाथठेला मालिक के बीच किराए को लेकर हुए विवाद में हाथठेला मालिक की हत्या हो गई थी। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया था, जिसे पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद समाप्त कराया था।

इसी घटना को ध्यान में रखते हुए इस सप्ताह पुलिस एसडीओपी अर्चना अहीर स्वयं मैदान में उतरीं और पुलिस बल के साथ बाजार व्यवस्था की कमान संभाली। उनके निर्देशन में मुख्य सड़क पर एक भी हाथठेला नहीं लगने दिया गया, जिससे आवागमन सुचारु बना रहा।

एसडीओपी अर्चना अहीर ने बताया कि बाजार के दौरान मुख्य मार्ग को पूरी तरह यातायात के लिए सुरक्षित रखा गया है। उन्होंने वाहन चालकों से निर्धारित स्थान पर ही वाहन खड़े करने तथा दुकानदारों से अपनी दुकानों के सामने वाहन नहीं खड़े करने की अपील की, ताकि बाजार में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

बाजार में पहुंचे लोगों और व्यापारियों ने पुलिस की व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि इस बार पहले की अपेक्षा अधिक सुरक्षा का माहौल देखने को मिला। जगह-जगह तैनात पुलिसकर्मी व्यवस्था संभालते नजर आए और बाजार में भीड़ होने के बावजूद आवागमन सुचारु रहा। लोगों का कहना था कि पहले इस प्रकार की प्रभावी व्यवस्था देखने को नहीं मिलती थी, लेकिन इस बार पुलिस की मुस्तैदी से बाजार अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित नजर आया।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

हो सकता है आप चूक गए हों