किराना दुकान की आड़ में चल रहा था अवैध खाद और डीजल का खेल, तहसीलदार का छापा

0
Spread the love

35 बोरी डीएपी खाद और 450 लीटर डीजल जब्त, नगर तेंदूखेड़ा में भी कालाबाजारी की चर्चाएं

तेंदूखेड़ा/दमोह। दमोह जिले के तेंदूखेड़ा विकासखंड के सर्रा गांव में किसानों के लिए निर्धारित डीएपी खाद की कथित कालाबाजारी और अवैध डीजल भंडारण के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देश पर तेंदूखेड़ा तहसीलदार की टीम ने सर्रा निवासी राकेश जैन की किराना एवं गल्ला दुकान पर औचक छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान दुकान और गोदाम की तलाशी लेने पर प्रशासन को 35 बोरी डीएपी खाद तथा करीब 450 लीटर डीजल अवैध रूप से भंडारित मिला। बताया जा रहा है कि डीजल के भंडारण के लिए आवश्यक अनुमति एवं सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया था। वहीं किसानों के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली डीएपी खाद का भी कथित रूप से अवैध स्टॉक रखा गया था।

प्रशासन ने मौके पर ही खाद और डीजल को जब्त कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है कि खाद का भंडारण किस उद्देश्य से किया गया था तथा इसमें अन्य लोगों की संलिप्तता तो नहीं है।

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में खाद की कालाबाजारी पर प्रशासन की सख्ती की चर्चा है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर तेंदूखेड़ा में भी खाद की कालाबाजारी की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। हालांकि, इन शिकायतों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। नागरिकों ने प्रशासन से इन शिकायतों की भी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

प्रशासन का कहना है कि किसानों के हितों के साथ किसी भी प्रकार की अनियमितता या कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

हो सकता है आप चूक गए हों