दूरस्थ ग्राम इमलीडोल में चला “सेफ क्लिक 2.0” साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान, 150 ग्रामीण हुए जागरूक

तेंदूखेड़ा (दमोह)। ग्रामीण क्षेत्रों में साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से दूरस्थ ग्राम इमलीडोल में “सेफ क्लिक 2.0” साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस महानिदेशक भोपाल के निर्देशानुसार, पुलिस अधीक्षक दमोह आनंद कलादगी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के निर्देशन में ग्रामीण विकास समिति एवं जिला पुलिस दमोह के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में तेंदूखेड़ा एसडीओपी अर्चना अहीर ने ग्रामीणों को साइबर ठगी से बचने के महत्वपूर्ण उपाय बताए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में अपना ओटीपी, बैंक खाते की गोपनीय जानकारी, एटीएम पिन या पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें। साथ ही संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें तथा साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
थाना प्रभारी रविंद्र बागरी एवं पुलिस टीम ने वीडियो क्लिपिंग के माध्यम से ऑनलाइन ठगी के नए-नए तरीकों की जानकारी देते हुए उनसे बचाव के उपाय समझाए और ग्रामीणों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त एसडीओपी आर.के. सेन ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए डिजिटल सतर्कता का संदेश दिया।
ग्रामीण विकास समिति के डायरेक्टर गोविंद यादव ने कहा कि डिजिटल युग में जागरूकता ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है और प्रत्येक नागरिक को साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहना चाहिए।
कार्यक्रम में सरपंच नवल झरिया, पंचायत सचिव बी.डी. यादव, प्रधान आरक्षक ब्रजेश तिवारी, आरक्षक अंकिता मिश्रा, रौनक पटेल, विजय दीक्षित, ज्योति राव, प्रियंका साहू, राजेश ठाकुर, द्रोपती नवीन, सुषमा यादव, संतोष सिंह एवं नीरज यादव सहित ग्राम के लगभग 150 ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ग्रामीण विकास समिति द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया तथा अंत में धर्मदास पाल ने सभी अतिथियों, पुलिस अधिकारियों एवं उपस्थित ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाकर सुरक्षित एवं सशक्त डिजिटल समाज का निर्माण करना रहा।
