एसबीआई एटीएम में कार्ड बदलकर ₹40 हजार की ठगी, पीड़ित ने थाने में की शिकायत

तेंदूखेड़ा। नगर के सेंट्रल बैंक के सामने स्थित एसबीआई एटीएम में एक व्यक्ति के साथ एटीएम कार्ड बदलकर ₹40 हजार की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस थाना तेंदूखेड़ा में शिकायत देकर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत पतलोनी के सचिव मिट्ठू सिंह गोंड, वर्तमान निवासी वार्ड क्रमांक 08, विद्यानगर, तेंदूखेड़ा, शनिवार को सुबह लगभग 11:55 बजे एसबीआई एटीएम से राशि निकालने पहुंचे थे। उनका आरोप है कि एटीएम मशीन में कार्ड डालते ही कार्ड अंदर फंस गया। इसी दौरान वहां मौजूद एक अज्ञात युवक ने उन्हें एटीएम पर अंकित मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की सलाह दी। फोन करने पर सामने वाले व्यक्ति ने शाम 4 बजे कैश वैन आने पर कार्ड निकलवाने की बात कही।
शिकायत के अनुसार इसके बाद उक्त युवक ने कार्ड निकालने के बहाने उनसे एटीएम पिन दर्ज करवाया। पीड़ित का कहना है कि युवक उनके बिल्कुल पास खड़ा था, जिससे उसे पिन की जानकारी हो गई। कुछ देर बाद वे घर चले गए।
दोपहर करीब 1 बजे जब वे दोबारा एटीएम पहुंचे तो उनके कार्ड की जगह कोई दूसरा कार्ड मशीन में फंसा मिला। बाद में लगभग 3:10 बजे एसबीआई बैंक से फोन आने पर उन्हें जानकारी मिली कि उनके खाते से ₹40 हजार की निकासी की जा चुकी है तथा उनके एटीएम कार्ड का उपयोग एक पेट्रोल पंप पर भुगतान के लिए भी किया गया है। बैंक अधिकारियों ने उन्हें तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि बाद में एटीएम मशीन के कार्ड स्लॉट में फेवीकोल अथवा किसी चिपकाने वाले पदार्थ का उपयोग किया हुआ दिखाई दिया, जिससे संदेह है कि आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से कार्ड फंसाकर एटीएम कार्ड बदल लिया और पिन की जानकारी हासिल कर धोखाधड़ी को अंजाम दिया।
पीड़ित ने पुलिस से एटीएम के सीसीटीवी फुटेज, बैंक एवं संबंधित पेट्रोल पंप के लेन-देन की जांच कर आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी तथा खाते से निकाली गई ₹40 हजार की राशि वापस दिलाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस को शिकायत सौंप दी गई है। मामले में पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम और आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।
