एनआरसी में भर्ती कुपोषित बच्चों की माताओं को स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जानकारी दी गई

तेंदूखेड़ा। स्थानीय पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में शनिवार को कुपोषित बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड चिकित्सा अधिकारी (सीबीएमओ) ने की, जिसमें एनआरसी का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
कार्यक्रम के दौरान सीबीएमओ ने एनआरसी में भर्ती कुपोषित बच्चों की माताओं से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर माताओं को शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं, निःशुल्क उपचार, पोषण पुनर्वास केंद्र में मिलने वाली सुविधाओं एवं शासकीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों को कुपोषण से बाहर निकालने के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार, स्वच्छता, नियमित स्वास्थ्य जांच, समय पर टीकाकरण तथा स्तनपान और पूरक आहार के महत्व के बारे में भी विस्तार से समझाया गया।
सीबीएमओ ने माताओं से अपील की कि वे चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा दिए गए परामर्श का पालन करें तथा बच्चों के खान-पान और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दें, जिससे उन्हें शीघ्र कुपोषण से मुक्त कर स्वस्थ जीवन प्रदान किया जा सके।
कार्यक्रम के अंत में माताओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा उन्हें बच्चों के समुचित पोषण एवं देखभाल के लिए निरंतर जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
