तेंदूखेड़ा के नरगुवां की टेक के पास भीषण सड़क हादसा, दो की मौत, तीन गंभीर

तेंदूखेड़ा। तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत नरगुवां की टेक के समीप मंगलवार को दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों के टायर रिंग से बाहर निकल गए। दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा तत्काल डायल-112 को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही तेंदूखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल तीनों लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
हादसे में मृतकों की पहचान राजू अहिरवार निवासी बम्होरी एवं आंसू बेन निवासी दोनी के रूप में हुई है। वहीं घायलों में राजेश बसोर निवासी बम्होरी, आशा अहिरवार तथा धर्मेंद्र अहिरवार निवासी दोनी शामिल हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना का मुख्य कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि अत्यधिक गति के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई।
तेंदूखेड़ा पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर बढ़ती तेज रफ्तार पर चिंता जताते हुए वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।
