शासकीय बिजली से चार्ज हो रही निजी स्कूटी, कार्रवाई की मांग

तेंदूखेड़ा। शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों की पढ़ाई एवं आवश्यक कार्यों के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली बिजली के दुरुपयोग का एक मामला संकुल केंद्र हाई स्कूल पुरा से सामने आया है। बुधवार 24 जून 2026 को सुबह लगभग 11 बजे विद्यालय कार्यालय के सामने एक निजी स्कूटी को शासकीय बिजली से चार्ज करते हुए देखा गया।
जानकारी के अनुसार, स्कूल कार्यालय के गेट के पास लगे बिजली बोर्ड से स्कूटी चार्ज की जा रही थी। नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर कुछ स्कूल कर्मचारियों ने दावा किया कि उक्त स्कूटी प्रभारी प्राचार्य इंदुर अहिरवार की है, जिसका पंजीयन क्रमांक एमपी 34 जेडजी 8041 है। कर्मचारियों का कहना है कि स्कूटी को नियमित रूप से इसी प्रकार चार्ज किया जाता है और इस पर कोई रोक-टोक नहीं होती।
मामले में जब प्रभारी प्राचार्य इंदुर अहिरवार से चर्चा की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें कोई स्कूटी चार्ज होती हुई दिखाई नहीं दी। उन्होंने संभावना जताई कि कोई अभिभावक अपनी गाड़ी छाया में खड़ी कर गया होगा।
हालांकि, प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि स्कूटी कार्यालय के बाजू में लगे विद्युत बोर्ड से चार्ज की जा रही थी और उसी के समीप बैठकर प्रभारी प्राचार्य विद्यार्थियों के प्रवेश संबंधी कार्य कर रहे थे। उस समय स्कूल स्टाफ के अतिरिक्त केवल एक महिला और एक पुरुष अभिभावक ही विद्यालय परिसर में मौजूद थे।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि शासकीय संसाधनों का उपयोग निजी कार्यों के लिए किया जा रहा है तो यह नियमों के विपरीत है तथा शासकीय पद का दुरुपयोग माना जा सकता है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी एस. के. नेमा तथा जनपद शिक्षा अधिकारी नितेश पांडे से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
