100 वर्ष पुराना कुआं धंसा, बड़ा हादसा टला, जल आपूर्ति हुई प्रभावित

0
Spread the love

तेंदूखेड़ा। नगर तेंदूखेड़ा के वार्ड क्रमांक 1 में स्थित लगभग 100 वर्ष पुराना कुआं बुधवार दोपहर करीब 2 बजे अचानक धंस गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि या अन्य बड़ा नुकसान नहीं हुआ और एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।

घटना की सूचना मिलते ही नगर परिषद के जल प्रभारी रामकुमार यादव एवं सफाई प्रभारी प्रदीप साहू अपने सहयोगी कर्मचारियों के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्षतिग्रस्त कुएं के चारों ओर बैरिकेडिंग कराई, ताकि कोई व्यक्ति या मवेशी उसमें गिरकर दुर्घटना का शिकार न हो।

जल प्रभारी रामकुमार यादव ने बताया कि हादसे के समय एक कबाड़ का काम करने वाली महिला कुएं पर स्नान कर रही थी। जैसे ही कुआं धंसना शुरू हुआ, वह तत्काल वहां से भाग निकली, जिससे उसकी जान बच गई। इस अफरा-तफरी के दौरान महिला के लगभग 10 हजार रुपये तथा उसका आधार कार्ड कुएं में गिर गए।

बताया जाता है कि उक्त कुएं में नगर परिषद के बोरवेल से पानी भरा जाता था और नगर के विभिन्न क्षेत्रों में जहां पानी की आवश्यकता होती थी, वहां इसी कुएं से टैंकरों के माध्यम से जल आपूर्ति की जाती थी। वर्तमान में कुएं के भीतर नगर परिषद की एक मोटर पंप तथा एक डीजल इंजन भी रखा हुआ है।

कुएं के धंसने से नगर की टैंकर आधारित जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हुई है। नगर परिषद द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से जल्द से जल्द जल आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुरानी संरचनाओं की समय-समय पर जांच और मरम्मत की व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

हो सकता है आप चूक गए हों