गरीब आदिवासी बस्ती में अमानक बिजली कनेक्शन का आरोप, ग्रामीणों ने जांच और कार्रवाई की उठाई मांग

0
Spread the love

तेंदूखेड़ा। तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत मोहरा के ग्राम पटी में लगाए गए नए विद्युत मीटरों को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी और चिंता व्याप्त है। बस्ती के निवासियों ने आरोप लगाया है कि मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कर्मचारियों द्वारा विद्युत सुरक्षा मानकों के विपरीत मीटर कनेक्शन किए गए हैं, जिससे बरसात के मौसम में हादसे की आशंका बढ़ गई है।

ग्रामीणों की ओर से आनंद सिंह लोधी (ठाकुर) ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) तेंदूखेड़ा को आवेदन देकर बताया कि लगभग एक माह पूर्व तेजगढ़-हर्रई-सिंगौरगढ़ विद्युत वितरण केंद्र के अंतर्गत ग्राम पटी में कई घरों में नए मीटर लगाए गए, लेकिन निर्धारित मानक सर्विस केबल लगाने के बजाय पुरानी लोकल तारों में कट लगाकर मीटर जोड़ दिए गए। कई स्थानों पर एक ही सर्विस वायर से दो-दो मीटर जोड़ने तथा कट पॉइंट को खुला छोड़ देने का भी आरोप लगाया गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि यह पूरी बस्ती गरीब आदिवासी एवं मजदूर परिवारों की है, जिसमें रामप्रसाद, धर्मीबाई, शिवलाल, गिरधारी और हल्के सिंह सहित अनेक परिवार निवास करते हैं। खुले तार और असुरक्षित जोड़ों के कारण बारिश के दौरान करंट फैलने, शॉर्ट सर्किट और जनहानि का खतरा बना हुआ है। साथ ही ग्रामीणों को यह भी आशंका है कि भविष्य में विभागीय जांच होने पर इन अमानक कनेक्शनों के कारण उन पर विद्युत चोरी के मामले दर्ज किए जा सकते हैं, जबकि यह कार्य विभागीय कर्मचारियों द्वारा किया गया है।

आवेदन में विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 53, 161, 138 एवं 150 तथा केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (सीईए) के सुरक्षा संबंधी विनियमों का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि प्रत्येक विद्युत संयोजन सुरक्षित एवं मानक के अनुरूप होना अनिवार्य है।

ग्रामीणों ने कनिष्ठ अभियंता शिवदयाल अहिरवार एवं संबंधित कर्मचारियों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध वैधानिक एवं विभागीय कार्रवाई किए जाने तथा सभी मीटर कनेक्शनों को मानक नियमों के अनुसार पुनः सुरक्षित ढंग से स्थापित कराने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो बरसात के दौरान कोई भी बड़ा हादसा हो सकता है। अब सभी की निगाहें प्रशासन और विद्युत विभाग की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

हो सकता है आप चूक गए हों