पीएमयूएम संघ तेंदूखेड़ा ब्लॉक की बैठक संपन्न कर्मचारी कल्याण कोष योजना के विस्तार, प्रोफाइल अपडेट एवं शिक्षक हितों पर हुआ मंथन

तेंदूखेड़ा। प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षक संघ (पीएमयूएम) तेंदूखेड़ा ब्लॉक की महत्वपूर्ण बैठक स्थानीय एक्सीलेंस स्कूल परिसर में जिला अध्यक्ष एवं प्रांत संयोजक पवन खरे के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। बैठक में संघ द्वारा संचालित कर्मचारी कल्याण कोष योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, नवीन सदस्य पंजीयन, प्रोफाइल अपडेट, तकनीकी समस्याओं के समाधान तथा शिक्षक हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रांत संयोजक पवन खरे ने कहा कि कर्मचारी कल्याण कोष योजना आज प्रदेश के हजारों शिक्षक परिवारों के लिए सुरक्षा का मजबूत आधार बन चुकी है। उन्होंने बताया कि जनवरी 2026 से पूर्व पंजीयन करा चुके अनेक शिक्षकों की प्रोफाइल अपडेट न होने तथा तकनीकी कारणों से सहयोग सूची में नाम प्रदर्शित नहीं हो पा रहा है। ऐसे सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कराया जाएगा ताकि कोई भी पात्र शिक्षक योजना के लाभ से वंचित न रहे।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि ब्लॉक के प्रत्येक विद्यालय तक पहुंचकर शेष शिक्षकों का अधिक से अधिक पंजीयन कराया जाएगा। साथ ही जिन शिक्षक साथियों को प्रोफाइल अपडेट, ऑनलाइन सहयोग अथवा अन्य तकनीकी प्रक्रियाओं में कठिनाई आ रही है, उनके लिए विशेष सहायता अभियान चलाया जाएगा। बैठक के दौरान कई शिक्षकों की लंबित प्रोफाइल का मौके पर ही सफलतापूर्वक अपडेट भी कराया गया।
वक्ताओं ने कहा कि कर्मचारी कल्याण कोष योजना शिक्षकों और उनके परिवारों के लिए कठिन समय में संबल का कार्य कर रही है। इसलिए प्रत्येक शिक्षक का इस योजना से जुड़ना आवश्यक है, जिससे संगठन और अधिक मजबूत हो तथा अधिकाधिक परिवारों को इसका लाभ मिल सके।
बैठक में जिला अध्यक्ष एवं प्रांत संयोजक पवन खरे, कैलाश असाटी, दिनेश सेन, रामरतन, लक्ष्मण पटेल, मुंशी सिंह, बलराम यादव, तखत सिंह सहित ब्लॉक के अनेक पदाधिकारी एवं शिक्षक साथी उपस्थित रहे। अंत में सभी ने संगठन को मजबूत बनाने तथा प्रत्येक पात्र शिक्षक को कर्मचारी कल्याण कोष योजना से जोड़ने का संकल्प लिया।

