Spread the love

फार्मर आईडी नहीं बनने से खाद-बीज और योजनाओं से वंचित किसान, एक सप्ताह में समाधान नहीं हुआ तो तहसील कार्यालय के सामने होगा विशाल धरना

तेंदूखेड़ा। तहसील तेंदूखेड़ा अंतर्गत ग्राम चौरई के किसानों ने फार्मर आईडी नहीं बनने की समस्या को लेकर तहसीलदार के नाम आवेदन सौंपते हुए चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो सभी किसान तहसील कार्यालय के समक्ष विशाल धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।

किसानों का कहना है कि ग्राम चौरई के किसी भी किसान की फार्मर आईडी नहीं बन पा रही है। कई बार प्रयास करने के बावजूद तकनीकी त्रुटि अथवा अन्य कारणों से एक भी किसान का पंजीयन सफल नहीं हो सका है। इसके कारण किसानों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है।

किसानों ने बताया कि वर्तमान समय में उन्हें खाद, बीज एवं कृषि दवाइयों की आवश्यकता है, लेकिन फार्मर आईडी के अभाव में आवश्यक सामग्री उपलब्ध नहीं हो पा रही है। इसके अलावा किसान सम्मान निधि सहित अन्य योजनाओं से भी वंचित होने की आशंका बनी हुई है, जिससे खरीफ सीजन के कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं और किसानों में चिंता का माहौल है।

किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित कर ग्राम चौरई के सभी किसानों की फार्मर आईडी तत्काल बनवाई जाए, ताकि उन्हें समय पर खाद, बीज और शासन की योजनाओं का लाभ मिल सके।

आवेदन पर हस्ताक्षर करने वाले किसानों में खूब सिंह, कमलेश, अनारी, दीपेन्द्र, अतील वरेल, रामधनी प्रदेश, खूबसिंह, राजेश, शक्ति सिंह बहादुर, प्रकाश तिवारी, भालेश, अनुज घोसी एवं प्रमोद घोसी प्रमुख रूप से शामिल हैं।

किसानों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 15 जून 2026 से एक सप्ताह के भीतर उनकी समस्या का निराकरण नहीं किया गया, तो ग्राम चौरई के किसान सामूहिक रूप से तहसील कार्यालय तेंदूखेड़ा के सामने विशाल धरना-प्रदर्शन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *