वनभूमि पट्टाधारी किसानों को नहीं मिल रहा खाद, भूमि सत्यापन कराने कलेक्टर से लगाई गुहार

तेंदूखेड़ा। वनभूमि पट्टा प्राप्त किसानों ने अपनी भूमि के सत्यापन एवं अनुमोदन की मांग को लेकर कलेक्टर दमोह के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) तेंदूखेड़ा के माध्यम से आवेदन सौंपा है। किसानों का कहना है कि भूमि का सत्यापन नहीं होने के कारण वे शासन की विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं से वंचित हो रहे हैं और वर्तमान खरीफ सीजन में खाद तक प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं।
आवेदन में किसानों ने बताया कि सरकार द्वारा वनभूमि पट्टाधारकों के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, लेकिन संबंधित भूमि का अनुमोदन नहीं होने के कारण उन्हें इन योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। वर्तमान में धान की फसल की बुवाई का समय है, लेकिन खाद प्राप्त करने के लिए टोकन जारी नहीं हो पा रहे हैं। ऑनलाइन प्रक्रिया में संबंधित भूमि के लिए अनुविभागीय अधिकारी द्वारा सत्यापन किया जाना दर्शाया जा रहा है, जिसके कारण किसान परेशान हैं।
किसानों ने कलेक्टर से मांग की है कि संबंधित अधिकारियों के माध्यम से वनभूमि पट्टा प्राप्त किसानों की भूमि का शीघ्र सत्यापन कराया जाए, ताकि उन्हें समय पर खाद उपलब्ध हो सके और कृषि कार्य प्रभावित न हो।
आवेदन देने वाले किसानों में हरीसिंह, चतुर्भुज, हल्ले भाई, शंकर गौड़ एवं देवी सिंह प्रमुख रूप से शामिल हैं।
किसानों का कहना है कि यदि समय रहते भूमि का सत्यापन नहीं कराया गया तो धान की फसल प्रभावित होगी और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। किसानों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर राहत प्रदान करने की मांग की है।
