राज्य मंत्री को अवगत कराने के बाद भी नहीं सुधरी 100 एचपी ट्रांसफार्मर की केबल, ग्रामीणों में आक्रोश

0
Spread the love

बीजाडोगरी (जबेरा)। विद्युत वितरण केंद्र हर्रई तेजगढ़ अंतर्गत ग्राम बीजाडोगरी में लगे 100 एचपी ट्रांसफार्मर की केबल पिछले दो वर्षों से खराब पड़ी है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराने के बावजूद बिजली विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे क्षेत्र के लोगों में भारी नाराजगी व्याप्त है।

ग्रामीणों के अनुसार ट्रांसफार्मर की केबल खराब होने के कारण गांव की विद्युत व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है। इसका सबसे अधिक असर किसानों की सिंचाई व्यवस्था पर पड़ रहा है, वहीं घरेलू उपभोक्ताओं को भी नियमित बिजली नहीं मिल पा रही है। भीषण गर्मी और उमस के बीच बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि रात के समय अंधेरा रहने से जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बना रहता है, जिससे लोगों में भय का माहौल है। इसके बावजूद विभाग द्वारा समस्या के समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग के अधिकारियों को कई बार शिकायतें दी गईं, लेकिन सुधार कार्य की दिशा में कोई पहल नहीं हुई। इतना ही नहीं, समस्या की जानकारी प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी को भी दी गई थी, लेकिन विभागीय स्तर पर अब तक कार्रवाई नहीं होने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जबेरा विधानसभा क्षेत्र में बिजली संबंधी समस्याओं के निराकरण में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि तत्काल खराब केबल को बदलकर विद्युत आपूर्ति सुचारु की जाए, ताकि किसानों और आम उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *