देवी माता परिसर की बाउंड्रीवाल पर सवाल: राशि निकली, निर्माण शुरू नहीं; ग्रामीणों ने उठाई जांच की मांग

तेंदूखेड़ा। जनपद पंचायत तेंदूखेड़ा की ग्राम पंचायत समनापुर में देवी माता परिसर की प्रस्तावित बाउंड्रीवाल निर्माण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत द्वारा निर्माण कार्य शुरू किए बिना ही लाखों रुपये की राशि निकाल ली गई, जबकि मौके पर न तो निर्माण कार्य दिखाई दे रहा है और न ही खरीदी गई सामग्री उपलब्ध है।
जानकारी के अनुसार देवी माता परिसर में बाउंड्रीवाल निर्माण कार्य मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं अवसंरचना योजना के तहत स्वीकृत हुआ था। लगभग 11 लाख 37 हजार रुपये लागत के इस कार्य की स्वीकृति 14 अप्रैल 2024 को प्रदान की गई थी। कार्य का विवरण सामुदायिक भवन/देवी माता परिसर की बाउंड्रीवाल निर्माण के रूप में दर्ज है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत ने निर्माण कार्य शुरू किए बिना ही स्थानीय विक्रेता के बिलों के आधार पर राशि आहरित कर ली। दस्तावेजों के अनुसार बिल क्रमांक 1321 दिनांक 13 अप्रैल 2026 के माध्यम से गिट्टी एवं सीमेंट खरीदी दर्शाते हुए 88,200 रुपये, बिल क्रमांक 1320 के माध्यम से रेत खरीदी के नाम पर 98,000 रुपये तथा बिल क्रमांक 1322 के माध्यम से लोहे एवं ईंटों की खरीदी के नाम पर 92,600 रुपये का भुगतान किया गया। इस प्रकार कुल 2,78,800 रुपये की राशि निकाले जाने का दावा किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने नाम प्रकाशित न करने की शर्त पर बताया कि देवी माता मंदिर परिसर में बाउंड्रीवाल बनने की सूचना से लोगों में खुशी थी, क्योंकि इससे मंदिर की सुरक्षा और सुंदरता बढ़ती। लेकिन निर्माण कार्य शुरू न होने और राशि निकाले जाने की जानकारी सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि यदि सामग्री खरीदी गई है तो वह कार्यस्थल पर दिखाई क्यों नहीं दे रही है।
ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने तथा बिना कार्य के भुगतान किए जाने की स्थिति में जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि पंचायत निधि का उपयोग निर्धारित नियमों और प्रक्रिया के अनुसार होना चाहिए।
क्या बोले जिम्मेदार
ग्राम पंचायत सचिव दौलत सिंह ठाकुर ने स्वीकार किया कि राशि निकाली गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। हालांकि बिना कार्य प्रारंभ किए राशि निकाले जाने के सवाल पर उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
वहीं सरपंच इमरत यादव का कहना है कि निर्माण कार्य के लिए सामग्री खरीदी जा चुकी है और शीघ्र ही बाउंड्रीवाल का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा।
अब देखना यह होगा कि जनपद पंचायत और संबंधित विभाग इस मामले की जांच कराते हैं या नहीं तथा ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई सामने आती है।
