तेंदूखेड़ा में रोडरेज के दौरान चाकूबाजी, युवक गंभीर रूप से घायल, जबलपुर रेफर

तेंदुखेड़ा दमोह जिले में आपराधिक घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। ताजा मामला तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां रोडरेज (सड़क पर विवाद) के चलते एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर किया गया है।
गाड़ी खड़ी करते ही पेट में घोंपा चाकू
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक की पहचान सानू शेख (पिता- शेख खालिक कल्लू) के रूप में हुई है। सड़क पर किसी बात को लेकर सानू का विवाद पाटन (जबलपुर) निवासी राजू प्रजापति नाम के युवक से हो गया। विवाद इस हद तक बढ़ गया कि जैसे ही सानू शेख ने अपनी गाड़ी सड़क पर खड़ी की, आरोपी राजू प्रजापति ने अचानक उस पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने सानू के पेट में चाकू घोंप दिया और मौके से फरार हो गया।
हालत गंभीर, डॉक्टर ने किया रेफर
घटना के तुरंत बाद खून से लथपथ सानू शेख को तेंदूखेड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए ड्यूटी डॉक्टर अशोक बरौनियां ने उसका प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टर बरौनियां के मुताबिक, युवक के पेट में धारदार हथियार से गहरा घाव हुआ है, जो देखने में काफी गंभीर है। अंदरूनी चोटों का सही पता एक्स-रे और सोनोग्राफी के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल युवक की नाजुक हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए तत्काल जबलपुर रेफर कर दिया गया है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही तेंदूखेड़ा थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घायल के भाई और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर पुलिस आरोपी राजू प्रजापति की तलाश कर रही है। क्षेत्र में सरेराह हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
