वार्ड की जनता प्यासी, अधिकारी एसी कमरों में मस्त: आवेदन के बाद भी तेंदूखेड़ा में जल संकट गहराया

0
Spread the love


तेंदूखेड़ा। इस वर्ष की भीषण गर्मी में नगर परिषद तेंदूखेड़ा क्षेत्र में पानी की सप्लाई करने में पूरी तरह फेल साबित हुई है। परिषद ने प्यासी जनता को भगवान भरोसे छोड़ दिया है। पूरे नगर में पानी को लेकर त्राहि-त्राहि मची है, लेकिन जिम्मेदार आंखें मूंदे बैठे हैं। सबसे बदतर हालात वार्ड नंबर 5 जामुन खेड़ा रोड के हैं, जहां लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं।

लाइन खराब, बोर सूखे

वार्ड के निवासी जमना प्रसाद प्रजापति, बारे लाल चक्रवर्ती, उमेश ठाकुर, शारदा चक्रवर्ती, बेड़ी लाल और भीकम चक्रवर्ती ने अपना दर्द बयां किया। उन्होंने बताया कि वार्ड में हर साल गर्मी में पानी का संकट गहरा जाता है। इस समस्या से निजात पाने के लिए उन्होंने 26 मई 2026 को नगर परिषद में आवेदन देकर पाइपलाइन सुधारने की मांग की थी।


ग्रामीणों के अनुसार, जब सप्लाई चालू होती है तो शुरू में कुछ बूंदें टपकती हैं और फिर पानी बंद हो जाता है। मोटर पंप लगाने पर भी पानी नहीं आ रहा है, जिससे साफ है कि मुख्य लाइन में ही सप्लाई नहीं है। नगर परिषद के सारे बोरवेल सूख चुके हैं और वाटर लेवल बहुत नीचे चला गया है। बोरवेल में पाइप बढ़ाने की जरूरत है, लेकिन परिषद इस ओर ध्यान नहीं दे रही है। वहीं, नर्मदा जल योजना की लाइन का हाल भी बेपटरी है। हफ्ते में महज एक दिन पानी खोला जाता है, वह भी पर्याप्त नहीं होता।

एसी कमरों से निर्देश, धूप में तड़पती जनता

वार्ड वासियों ने बताया कि जब वे शिकायत लेकर नगर परिषद दफ्तर गए, तो अधिकारी और जनप्रतिनिधि एयर कंडीशन (एसी) कमरों में आराम फरमा रहे थे। उन्होंने सिर्फ ‘दिखवाते हैं’ कहकर पल्ला झाड़ लिया। परिषद दोपहर दो से तीन बजे की तीखी धूप में टैंकर भेजती है। तेज गर्मी के कारण लोग पूरा पानी नहीं भर पाते और टैंकर से भी आपूर्ति पूरी नहीं हो रही है। लोगों ने शासन से मांग की है कि सूखे बोरवेल में पाइप बढ़ाए जाएं या नया बोर खोदा जाए, क्योंकि अभी महीना भर गर्मी और झेलनी है।

इनका कहना है

“हमारे बोरवेल सूख चुके हैं, लेकिन नर्मदा लाइन चालू है। हम हर तीन दिन में पानी की सप्लाई कर रहे हैं। उस वार्ड के लोगों को नर्मदा का पानी ठीक नहीं लगता है, इसलिए वे खुद समस्या बनाए हुए हैं। परिषद पर लगाए गए सारे आरोप झूठे हैं।”
— राम कुमार यादव, जल प्रभारी, नगर परिषद तेंदूखेड़ा


About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

हो सकता है आप चूक गए हों

error: Content is protected !!