शाखा प्रबंधक की कथित लापरवाही से जर्सी गाय की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश

0
Spread the love

तेंदूखेड़ा/तारादेही। तारादेही सहकारी समिति में यूरिया वितरण के दौरान बरती गई कथित लापरवाही के कारण एक जर्सी गाय की मौत होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी व्याप्त है और समिति परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठने लगी है।

तारादेही निवासी राजेन्द्र लोधी ने बताया कि सहकारी समिति द्वारा बुधवार को लगभग 15 से 20 बोरी यूरिया का वितरण किया गया था। आरोप है कि वितरण के दौरान कुछ मात्रा में यूरिया जमीन पर गिर गया था, जिसकी बाद में सफाई नहीं की गई। इसी दौरान उनकी जर्सी गाय वहां पहुंच गई और जमीन पर पड़ा यूरिया खा लिया।

राजेन्द्र लोधी के अनुसार, गाय ने दोपहर करीब पौने चार बजे यूरिया खाया था। इसके कुछ समय बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। सूचना मिलने पर तत्काल पशु चिकित्सक को बुलाया गया, जिन्होंने चार बोतल दवा और आवश्यक इंजेक्शन लगाए, लेकिन तब तक यूरिया का प्रभाव अधिक हो चुका था। उपचार के बावजूद करीब एक घंटे बाद गाय की मौत हो गई।

पीड़ित पशुपालक ने बताया कि गाय हाल ही में ब्याई थी और उसका एक छोटा बछड़ा भी है। गाय की मौत से परिवार को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ भावनात्मक आघात भी पहुंचा है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जहां खाद एवं उर्वरकों का वितरण किया जाता है, वहां पर्याप्त सुरक्षा और साफ-सफाई की व्यवस्था होनी चाहिए ताकि गाय, भैंस, बकरी जैसे पशु परिसर में प्रवेश न कर सकें और इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की है।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *