12 साल पुराने राजस्व प्रकरण की नकल नहीं मिलने से परेशान आवेदक ने कलेक्टर से लगाई गुहार

दमोह, 21 मई 2026। तहसील तेंदूखेड़ा के ग्राम रामादेही निवासी छोटेलाल घोषी ने 12 वर्ष पुराने राजस्व प्रकरण की प्रमाणित सत्यप्रतिलिपि (नकल) नहीं मिलने से परेशान होकर जिला कलेक्टर दमोह को आवेदन सौंपकर न्याय की मांग की है।
आवेदक छोटेलाल घोषी ने अपने आवेदन में बताया कि ग्राम रामादेही, पटवारी हल्का क्रमांक 46 से संबंधित राजस्व प्रकरण क्रमांक 31/अ-6 अ वर्ष 2011-12 माननीय तहसीलदार न्यायालय तेंदूखेड़ा में विचाराधीन था, जिसमें 15 दिसंबर 2012 को आदेश पारित किया गया था। उक्त आदेश की प्रमाणित प्रति प्राप्त करने के लिए उन्होंने लोक सेवा केंद्र के माध्यम से तहसीलदार कार्यालय तेंदूखेड़ा में आवेदन प्रस्तुत किया, लेकिन आवेदन यह कहते हुए निरस्त कर दिया गया कि संबंधित प्रकरण दमोह में जमा है।
आवेदक के अनुसार इसके बाद उन्होंने दमोह पहुंचकर लोक सेवा केंद्र के माध्यम से पुनः आवेदन किया, जहां से यह कहकर आवेदन निरस्त कर दिया गया कि संबंधित प्रकरण रिकॉर्ड रूम में जमा नहीं है। ऐसे में प्रकरण की वास्तविक स्थिति को लेकर असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
छोटेलाल घोषी ने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि इसी प्रकरण की प्रमाणित प्रति 12 सितंबर 2024 को तहसील कार्यालय से उपलब्ध कराई गई थी। ऐसे में सवाल उठता है कि जब पूर्व में प्रकरण उपलब्ध था तो वर्तमान में उसका रिकॉर्ड कहां है और प्रमाणित प्रति क्यों नहीं दी जा रही है।
आवेदक ने आरोप लगाया कि विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया गया, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कलेक्टर से मामले की जांच कर संबंधित प्रकरण की प्रमाणित सत्यप्रतिलिपि उपलब्ध कराने तथा जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब-तलब करने की मांग की है।
कलेक्टर कार्यालय में प्रस्तुत आवेदन के बाद अब आवेदक को प्रशासनिक हस्तक्षेप और न्यायोचित कार्रवाई की उम्मीद है।
