झालोन ग्राम पंचायत में फर्जी हस्ताक्षर और शासकीय राशि गबन का आरोप, जनसुनवाई में पहुंची शिकायत

दमोह/तेंदूखेड़ा। ग्राम पंचायत झालोन में सरपंच के फर्जी हस्ताक्षर कर शासकीय राशि के गबन एवं भ्रष्टाचार किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में ग्राम झालोन निवासी रेखा रैकवार ने मंगलवार 19 मई 2026 को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं जिला पंचायत सीईओ को लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच एवं कठोर कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि ग्राम पंचायत की निर्वाचित सरपंच श्रीमती अनिता जैन के स्थान पर उनके पति चक्रेश जैन पंचायत के समस्त कार्यों का संचालन कर रहे हैं। शिकायत के अनुसार चक्रेश जैन, जो पोस्ट ऑफिस में पोस्ट मास्टर पद पर कार्यरत हैं, द्वारा पंचायत से जुड़े दस्तावेजों, प्रस्तावों एवं भुगतान संबंधी अभिलेखों में सरपंच के फर्जी हस्ताक्षर किए गए हैं।
आवेदिका ने आरोप लगाया कि फर्जी हस्ताक्षरों के माध्यम से लाखों रुपये की शासकीय राशि का आहरण किया गया। साथ ही कई व्यक्तियों को बिना ग्राम सभा प्रस्ताव के विभिन्न प्रमाण पत्र एवं प्रस्ताव जारी किए गए, जिन पर भी कथित रूप से फर्जी हस्ताक्षर किए गए हैं।
शिकायत में मनरेगा एवं अन्य निर्माण कार्यों में भी अनियमितताओं का आरोप लगाया गया है। आवेदन के अनुसार मजदूरों के खाते झालोन पोस्ट ऑफिस में खुलवाए गए थे, जबकि अधिकांश कार्य मशीनों से कराए गए। इसके बावजूद फर्जी मजदूरी दर्शाकर राशि निकाले जाने की आशंका जताई गई है।
आवेदिका ने यह भी कहा कि तत्कालीन पंचायत सचिवों को पूरे मामले की जानकारी होने के बावजूद उन्होंने किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की, जिससे उनकी भूमिका भी संदिग्ध प्रतीत होती है।
शिकायत में सरपंच एवं चक्रेश जैन के हस्ताक्षरों की एफएसएल जांच कराने, पंचायत के समस्त वित्तीय अभिलेखों एवं बैंक/पोस्ट ऑफिस लेन-देन की जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की गई है।
आवेदन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं एवं भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग भी की गई है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।
