हटा-पटेरा मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर मौत

/ — हटा-पटेरा मार्ग पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें डायल 112 की मदद से तत्काल सिविल अस्पताल हटा पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दंपत्ति मोटरसाइकिल से हटा-पटेरा मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहगीरों ने तत्काल पुलिस एवं डायल 112 को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस आपातकालीन सेवा की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल प्रबंधन द्वारा मामले की जानकारी हटा थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार हादसे के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान के लिए मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने जल्द आरोपी वाहन चालक का पता लगाने का दावा किया है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की है।

