संयुक्त एएनएम एसोसिएशन ने प्रमुख मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

0
Spread the love

तेंदूखेड़ा। जिला दमोह के तेंदूखेड़ा में संयुक्त ए.एन.एम. एसोसिएशन संविदा व नियमित कर्मचारी संघ द्वारा अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर मुख्य खंड चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। संघ ने ए.एन.एम. कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग करते हुए शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की अपील की।

ज्ञापन में संघ ने चार प्रमुख मांगों को प्रमुखता से उठाया। कर्मचारियों ने मांग की कि ए.एन.एम. को पुनः नर्सिंग कैडर में शामिल किया जाए। उनका कहना था कि ए.एन.एम. स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उन्हें नर्सिंग कैडर से अलग रखना उचित नहीं है।

संघ द्वारा दूसरी प्रमुख मांग ए.एन.एम. कर्मचारियों का ग्रेड पे बढ़ाकर 3200 रुपये किए जाने की रखी गई। कर्मचारियों ने बताया कि वर्तमान वेतनमान और कार्य के बीच संतुलन नहीं होने से आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

तीसरी मांग संविदा ए.एन.एम. कर्मचारियों को नियमित पदों में संविलियन किए जाने की रही। संघ का कहना है कि लंबे समय से सेवा दे रहे संविदा कर्मचारियों को नियमित करने से उनके भविष्य को सुरक्षा मिलेगी और कार्य में स्थिरता आएगी।

इसके अलावा चौथी मांग वेतन विसंगतियों को दूर करने की रखी गई। कर्मचारियों ने बताया कि वेतन संबंधी असमानताओं के कारण कर्मचारियों में असंतोष की स्थिति बनी हुई है। संघ ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आगे आंदोलन की रणनीति बनाई जा सकती है।

इस दौरान शेख शकीला, अर्पिता रैकवार, नेहा यादव, रुक्मणी पाठकर, विनीता पाल, मंजू कुर्मी, परवीन खान, मालती ठाकुर, गेंदा ठाकुर, रश्मि सेन, माया यादव, उज्जवला पटेल सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

हो सकता है आप चूक गए हों

error: Content is protected !!