खरीदी केंद्र में अनियमितता उजागर, किसानों की शिकायत पर खरीदी स्टाफ हिरासत में
तारादेही गेहूं खरीदी केंद्र पर हर बोरी में 700 ग्राम अतिरिक्त गेहूं लेने का आरोप, जांच के बाद कार्रवाई
तेंदुखेड़ा। समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के दौरान किसानों से हो रहे कथित शोषण का मामला सामने आया है। तेंदुखेड़ा मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर स्थित तारादेही गेहूं खरीदी केंद्र पर किसानों ने खरीदी में अनियमितता और तय मानक से अधिक तौल लेने की शिकायत प्रशासन से की। शिकायत के बाद मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने जांच कर खरीदी स्टाफ को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम तारादेही में सेवा सहकारी समिति सरसबगली द्वारा गेहूं खरीदी की जा रही थी। किसानों का आरोप है कि खरीदी केंद्र के प्रभारी कोडल निवासी गणेश राय के निर्देशन में केंद्र का संचालन किया जा रहा था, जबकि स्थानीय स्तर पर तारादेही निवासी विजय सिंह लोधी व्यवस्था देख रहे थे।
किसानों राजेन्द्र लोधी, निरसन सिंह लोधी, चतुर्भुज यादव, कला बाई, भूपत सिंह लोधी, महेश सिंह लोधी सहित अन्य ने बताया कि शासन के नियमानुसार प्रति बोरी 50 किलो 600 ग्राम गेहूं लिया जाना था, लेकिन खरीदी केंद्र पर प्रत्येक बोरी का वजन 51 किलो 300 ग्राम किया जा रहा था। किसानों का आरोप है कि हर बोरी में लगभग 700 ग्राम अतिरिक्त गेहूं बिना भुगतान के लिया जा रहा था।
किसानों ने बताया कि यह सिलसिला लंबे समय से चल रहा था। परेशान किसानों ने प्रशासन से शिकायत की, जिसके बाद तहसीलदार और एसडीएम मौके पर पहुंचे और जांच की। जांच में कई अनियमितताएं सामने आने के बाद खरीदी केंद्र के रिकॉर्ड और खरीदे गए गेहूं को जब्त कर लिया गया तथा संबंधित खरीदी स्टाफ को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू की गई।
हालांकि कार्रवाई के बाद गुरुवार को खरीदी कार्य बंद हो जाने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जिन किसानों के स्लॉट पहले से बुक थे, वे गेहूं लेकर केंद्र पहुंचे लेकिन खरीदी बंद मिलने से चिंतित नजर आए। किसानों ने बताया कि एक बार स्लॉट बुक होने के बाद दोबारा स्लॉट नहीं मिलता, जिससे उन्हें अपनी उपज बेचने की चिंता सताने लगी।
किसानों ने खरीदी केंद्र पर मूलभूत सुविधाओं की कमी का भी आरोप लगाया। उनका कहना था कि केंद्र पर न पीने के पानी की व्यवस्था है और न ही बैठने की।
किसानों के विरोध और प्रशासनिक पहल के बाद शाम करीब चार बजे समनापुर वेयरहाउस में संबंधित स्लॉट की खरीदी पुनः शुरू कराई गई। इससे किसानों ने राहत की सांस ली।
अनुविभागीय अधिकारी तेंदुखेड़ा ने बताया कि किसानों की शिकायत पर मौके पर पहुंचकर जांच की गई, जिसमें कई अनियमितताएं पाई गईं। खरीदी रिकॉर्ड और गेहूं जब्त कर संबंधित लोगों को हिरासत में लिया गया है तथा नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। किसानों की सुविधा के लिए दूसरे केंद्र पर खरीदी शुरू करवा दी गई है।
ज
