खबर का असर: आर टी आई अपडेट पर खबर छपते ही प्रशासन जागा, जर्जर अंबेडकर मंगल भवन गिराने की तैयारी

0
Spread the love

तेंदूखेड़ा। वार्ड क्रमांक 09 (डा. राजेन्द्र प्रसाद वार्ड) में स्थित जर्जर अंबेडकर मंगल भवन को लेकर दैनिक भास्कर में 21 अप्रैल को प्रकाशित खबर का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। खबर के प्रकाशन के बाद प्रशासन हरकत में आया और भवन की स्थिति का स्थल निरीक्षण कर पंचनामा तैयार कर उसे गिराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

निरीक्षण के दौरान उपयंत्री श्री दिलीप सूत्रकार, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि श्री ईश्वर वेन, पूर्व पार्षद श्री तिलकराज सहित अन्य नागरिक मौजूद रहे। जांच में सामने आया कि भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है। सामने का पोर्च और बरामदे की छत गिर चुकी है, दीवारों में बड़े-बड़े क्रैक आ गए हैं, प्लास्टर झड़ चुका है और हाल की छत की बीमें झुक गई हैं। छत में लगा लोहा बाहर दिखाई दे रहा है, जिसमें जंग लग चुकी है। खिड़की-दरवाजे और फर्श भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त पाए गए।

कभी भी हो सकता था बड़ा हादसा
स्थानीय लोगों के अनुसार भवन की हालत इतनी खराब हो चुकी थी कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था। यहां सामाजिक और सार्वजनिक कार्यक्रम होते रहे हैं, जिससे लोगों की जान को लगातार खतरा बना हुआ था।

पंचनामा में भवन को बताया सुधार योग्य नहीं
स्थल निरीक्षण के बाद तैयार किए गए पंचनामा में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि भवन पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हो चुका है और यह सुधार योग्य नहीं है। ऐसे में इसे गिराया जाना ही उचित होगा।

प्रशासन ने दिए कार्रवाई के निर्देश
कलेक्टर कार्यालय (जनजातीय कार्य विभाग) द्वारा पहले ही इस संबंध में तकनीकी परीक्षण और प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए गए थे। अब खबर सामने आने के बाद संबंधित विभाग ने तेजी दिखाते हुए भवन को ध्वस्त करने की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए जल्द से जल्द नए भवन निर्माण की मांग भी दोहराई है, ताकि क्षेत्रवासियों को एक सुरक्षित और आधुनिक सामुदायिक भवन मिल सके।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *