रिश्तों का कत्ल: दमोह में भतीजे ने चाचा की बेरहमी से हत्या, पत्थर से सिर कुचला

दमोह, रविवार। जिले के नोहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत रोंड गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। यहां एक भतीजे ने अपने ही चाचा की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पहले पत्थर से सिर कुचल दिया, फिर सब्बल से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
बेटी ने देखा खौफनाक मंजर
मृतक की पहचान रोंड गांव निवासी चुन्नू रैकवार (51) के रूप में हुई है। उनकी बेटी सुषमा रैकवार ने बताया कि रविवार सुबह करीब 7 बजे वह अपने पिता को जगाने के लिए घर के पास बने बाड़े में पहुंची, जहां वे खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। गंभीर अवस्था में उन्होंने हमलावर के रूप में अपने भतीजे रामजी रैकवार का नाम लिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम
परिजन घायल अवस्था में उन्हें तुरंत दमोह जिला अस्पताल लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही नोहटा थाना प्रभारी अभिषेक पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से खून से सना पत्थर बरामद किया है। वहीं आरोपी के कपड़ों पर भी खून के निशान मिलने की बात सामने आई है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है।
पारिवारिक विवाद बना हत्या की वजह
प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद को हत्या का मुख्य कारण माना जा रहा है। परिजनों के अनुसार आरोपी रामजी रैकवार का मृतक से पहले भी विवाद होता रहा था और वह कई बार धमकी दे चुका था। बताया जा रहा है कि आरोपी शराब का आदी है और अक्सर झगड़ा करता था।
क्रूरता की हद पार, शरीर पर कई गहरे घाव
पुलिस के मुताबिक मृतक के सिर, गर्दन और सीने पर गंभीर चोटें पाई गई हैं, जो वारदात की भयावहता को दर्शाती हैं।
परिवार में पसरा मातम
मृतक अपने पीछे तीन बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। एक बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि बेटा महाराष्ट्र में निजी नौकरी करता है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
आरोपी फरार, तलाश जारी
थाना प्रभारी अभिषेक पटेल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
