तय मानक से कम बेस डालने पर ग्रामीणों का विरोध, सड़क निर्माण में अनियमितता के आरोप

तेंदूखेड़ा (दमोह)। जनपद क्षेत्र के ग्राम तेजगढ़ में निर्माणाधीन सीसी सड़क को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। जानकारी के अनुसार झलोन-तेजगढ़ मार्ग से शांति धाम की ओर लगभग 4 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क का निर्माण किया जा रहा है, लेकिन निर्माण कार्य में तय मानकों का पालन नहीं होने का आरोप लगाया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के बेस (पहली परत) में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। निर्धारित मापदंड के अनुसार बेस की मोटाई 4 इंच होनी चाहिए, लेकिन मौके पर कहीं डेढ़ इंच, कहीं 2 इंच और कुछ स्थानों पर केवल सीमेंट का लेप ही किया गया है। साथ ही बेस में सीमेंट और रेत का उचित अनुपात भी नहीं रखा गया है, जिससे गिट्टी सही तरीके से सेट नहीं हो पा रही और उखड़कर बिखर रही है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि नियमानुसार बेस के नीचे पन्नी (प्लास्टिक शीट) बिछाई जानी चाहिए, लेकिन यहां ऐसा नहीं किया गया। इसके अलावा निर्माण के दौरान एक भी दिन तराई (क्योरिंग) नहीं की गई, जिससे सड़क के जल्दी चटकने की आशंका बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि ग्राम पंचायत द्वारा पहले बनाई गई सड़कों की स्थिति भी खराब हो चुकी है और वे कुछ ही महीनों में उखड़ने लगी हैं। ऐसे में इस सड़क के निर्माण में भी भ्रष्टाचार और घटिया सामग्री के उपयोग की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य को उपयंत्री और ग्रामीणों की उपस्थिति में निर्धारित स्टीमेट के अनुसार कराया जाए, ताकि सड़क टिकाऊ और मजबूत बन सके।
इस संबंध में उपयंत्री भरत जैन ने बताया कि यदि बेस पतला पाया गया तो ऊपर की परत मोटी डलवाई जाएगी तथा निर्माण में हो रही अनियमितताओं की जांच कराई जाएगी। वहीं सचिव जुगराज सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
— समाप्त —

