डायल-112 की तत्परता से सड़क हादसे में घायल 3 लोगों की बची जान

दमोह। जिले के थाना बटियागढ़ क्षेत्र अंतर्गत चैनपुरा पुल पर हुए सड़क हादसे में डायल-112 टीम की त्वरित कार्रवाई से तीन गंभीर घायलों को समय पर उपचार मिल सका।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 4 बजे चैनपुरा पुल पर एक फोर व्हीलर और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे की सूचना राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को मिली, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई शुरू की गई।
सूचना मिलते ही चौकी नरसिंहगढ़ में तैनात डायल-112 वाहन (FRV 05) को मौके के लिए रवाना किया गया। दमोह 112 कंट्रोल रूम में तैनात आरक्षक राम नरेश ने तेजी से समन्वय करते हुए टीम को आवश्यक निर्देश दिए।
डायल-112 टीम मौके पर पहुंची तो तीन व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। टीम में शामिल आरक्षक 593 नरेंद्र सिंह एवं पायलट सचिन पटेल ने बिना समय गंवाए सभी घायलों को तत्काल वाहन से जिला अस्पताल दमोह पहुंचाया।
अस्पताल में घायलों का उपचार जारी है। समय पर मिली मदद से तीनों की जान बचाने में सफलता मिली।
स्थानीय लोगों ने डायल-112 टीम की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की है।
