ग्राम जरुआ व हाथीडोल में गहराया जल संकट, ग्रामीणों ने SDM व CEO को सौंपा ज्ञापन

0
Spread the love

तेंदूखेड़ा (दमोह)। ग्राम पंचायत इमलीडोल अंतर्गत ग्राम जरुआ और हाथीडोल में भीषण जल संकट ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। जरुआ में पिछले एक माह से तथा हाथीडोल में करीब दो माह से पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बंद होने के कारण ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

समस्या से परेशान ग्रामीणों ने एकजुट होकर अनुविभागीय अधिकारी (SDM) एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार, गांव की जल सप्लाई योजना पूरी तरह ठप पड़ी हुई है। इसके चलते ग्राम जरुआ के लोग करीब डेढ़ किलोमीटर दूर भमका नाले से पानी लाने को मजबूर हैं, जबकि हाथीडोल के ग्रामीणों को लगभग 2 किलोमीटर दूर अमेहाउ झिरिया से पानी लाना पड़ रहा है। यह पानी पीने योग्य नहीं है, जिससे जलजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि यह जल योजना अपने उद्देश्य में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 1 सितंबर 2025 को कलेक्टर को आवेदन देने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ। बीते 170 दिनों में 70 दिन भी नियमित जल आपूर्ति नहीं हो पाई, जबकि कुछ स्थानों पर पैसे की मांग किए जाने की भी शिकायत सामने आई है।

दोनों ही आदिवासी बहुल गांवों में लगभग 700 लोग निवासरत हैं, जो इस समस्या से गंभीर रूप से प्रभावित हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए और पेयजल व्यवस्था को शीघ्र बहाल किया जाए।

ज्ञापन सौंपने वालों में राधारानी गौंड, चंद्र रानी गौंड, पंचम सिंह, शंकर सिंह, चन्नू सिंह, बासोरी सिंह, हल्ले भाई, दीक्षा गौंड, मालती, कौशिल्या, मनीषा चंदन, मानसिंह सहित ग्राम के अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

हो सकता है आप चूक गए हों

error: Content is protected !!