जबलपुर में शराब दुकानों के निरीक्षण के दौरान उजागर हुई अनियमितताएं, रहवासी क्षेत्रों में विरोध तेज

जबलपुर। भगवती मानव कल्याण संगठन के कार्यकर्ताओं द्वारा शहर में संचालित विभिन्न शराब दुकानों का निरीक्षण किया गया, जिसमें कई अनियमितताएं सामने आईं। संगठन के सदस्यों ने चुंगी नाका, दीनदयाल, चंडाल भाटा, चेरीताल, दमोह नाका बस स्टैंड, गोहलपुर पुलिया स्थित नई दुकान एवं रद्दी चौकी सहित कई स्थानों का दौरा किया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि अधिकांश शराब दुकानों के पास ही बैठकर शराब पीने की व्यवस्था दुकान संचालकों द्वारा उपलब्ध कराई जा रही है, जो नियमों के विरुद्ध है। विशेष रूप से दीनदयाल क्षेत्र में शराब दुकान के समीप चखने की अवैध दुकान संचालित होती मिली, जिसे पूर्व में विधायक द्वारा हटवाया गया था, लेकिन अब पुनः संचालित हो रही है।
संगठन ने यह भी बताया कि लगभग 2 किलोमीटर के दायरे में 7 से 8 शराब दुकानों का संचालन किया जा रहा है, जिससे स्थानीय नागरिकों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रीय जनमानस ने संगठन को अपनी परेशानियां बताते हुए कहा कि रहवासी इलाकों में शराब दुकानों के कारण असामाजिक गतिविधियां बढ़ रही हैं और महिलाओं को असुरक्षा का माहौल झेलना पड़ रहा है।
दीनदयाल स्थित अंतरराज्यीय बस स्टैंड के पास संचालित शराब दुकान को लेकर भी लोगों ने कड़ा विरोध जताया। उनका कहना है कि बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थल के समीप शराब दुकान का संचालन यात्रियों, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा के लिए खतरा बना हुआ है।
संगठन एवं स्थानीय नागरिकों ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि रहवासी क्षेत्रों एवं सार्वजनिक स्थलों के पास संचालित वैध एवं अवैध शराब दुकानों पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

