भगवान परशुराम जयंती पर पंचवटी धाम में हवन-पूजन, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

0
Spread the love

तेंदूखेड़ा। भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम जी की जयंती नगर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर ब्लॉक परिसर स्थित पंचवटी धाम में भगवान परशुराम मंदिर में विशेष हवन-पूजन एवं धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 10 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन से हुई, जिसमें क्षेत्र के विप्रजनों एवं श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे परिसर में भक्ति और आध्यात्मिकता का वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान परशुराम जी की पूजा-अर्चना कर धर्म लाभ अर्जित किया।

इस दौरान विप्र समाज के वक्ताओं ने भगवान परशुराम जी के जीवन एवं आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वे पितृभक्त, तपस्वी एवं न्यायप्रिय देवता थे। उनका जन्म अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर हुआ था। वे महर्षि जमदग्नि और माता रेणुका के पुत्र थे तथा भगवान शिव के परम भक्त माने जाते हैं। उन्होंने सदैव अन्याय के विरुद्ध संघर्ष कर धर्म की स्थापना का संदेश दिया।

वक्ताओं ने कहा कि भगवान परशुराम का जीवन हमें सत्य, साहस और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उनके आदर्श आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं और नई पीढ़ी को उनसे सीख लेने की आवश्यकता है।

पूजन कार्यक्रम के उपरांत प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाई। आयोजन में सभी वर्गों के लोगों की उपस्थिति रही, जिससे सामाजिक समरसता और धार्मिक एकता का संदेश भी प्रसारित हुआ।

इस अवसर पर विप्र समाज के संरक्षक पंडित रमेश तिवारी, अध्यक्ष पंडित ओंकार मिश्रा, रवि शंकर त्रिपाठी, पंडित देवकरण तिवारी, पंडित भारत अवस्थी, कपिल गोटिया, राकेश शर्मा, राकेश दुबे, मनोज सरैया, मनीष मिश्रा, भोलू मिश्रा, रोहित पाठक, दिलीप द्विवेदी, जितेंद्र बिलथरे, प्रमोद तिवारी, लकी मिश्रा, सुधीर पटेरिया, रुद्र प्रकाश अवस्थी, सुरेंद्र तिवारी, मोंटी तिवारी, बल्लू, पुखराज विदुआ, रामकुमार पांडे सहित अनेक विप्रजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *