हिण्डोरिया पुलिस की बड़ी कार्यवाही: अवैध शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

0
Spread the love

दमोह जिले में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत हिण्डोरिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की है और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।

पुलिस अधीक्षक दमोह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी पथरिया के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध शराब के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत हिण्डोरिया थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कादीपुर-लुहर्रा मार्ग से एक मोटरसाइकिल पर अवैध शराब लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्वारी खेर माता मंदिर के पास मुख्य मार्ग पर घेराबंदी की। इस दौरान कादीपुर की ओर से आ रही मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस को देखकर सवार दोनों युवक शराब से भरे बंडल छोड़कर भागने लगे।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम अमित पिता धर्मेन्द्र सिंह लोधी (उम्र 24 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 09 हिण्डोरिया बताया। वहीं फरार आरोपी का नाम गौरव ठाकुर निवासी हिण्डोरिया बताया गया है।

पुलिस द्वारा जब्त किए गए सामान की जांच करने पर लाल एवं काले कपड़ों में बंधे कुल 7 कार्टूनों में 350 पाव (करीब 63 लीटर) देशी मसाला एवं प्लेन शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 36,500 रुपये है। साथ ही अवैध परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की काले रंग की होंडा साइन मोटरसाइकिल (कीमत करीब 40,000 रुपये) भी जब्त की गई। कुल जब्ती 76,500 रुपये की बताई गई है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी गौरव ठाकुर के साथ यह शराब ग्राम महतपुर ले जा रहा था, जो उसे मुडिया स्थित शासकीय शराब दुकान के गढ़ीदार द्वारा दी गई थी।

पुलिस ने आरोपी अमित लोधी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2), 42 एवं मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है। फरार आरोपी गौरव ठाकुर एवं संबंधित गढ़ीदार की तलाश जारी है, जिन्हें जल्द गिरफ्तार करने की बात कही गई है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी हिण्डोरिया निरीक्षक धर्मेन्द्र उपाध्याय सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *