दयोदय पशु सेवा केन्द्र में नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण, शांति वाहन भेंट व रक्तदान शिविर सम्पन्न

तेंदूखेड़ा (दमोह)।
नगर स्थित आचार्य विद्यासागर दयोदय पशु सेवा केन्द्र में हाल ही में संपन्न हुए निर्वाचन के बाद नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को संतों के सानिध्य में भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में धार्मिक, सामाजिक और जनप्रतिनिधि क्षेत्र की अनेक प्रमुख हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
संस्था के अध्यक्ष पद पर सर्वसम्मति से संजय कुमार जैन पारसमणी को चुना गया। उनके नेतृत्व में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें विवेक कुमार चौधरी एवं संदीप कुमार मोदी उपाध्यक्ष, अमरचंद जैन महामंत्री, कुलदीप मोदी कोषाध्यक्ष, विनोद कुमार जैन मंत्री तथा ज्योति विवेक कुमार जैन सहमंत्री नियुक्त किए गए।

इसके अलावा सतेन्द्र कुमार जैन को शिक्षक सचिव, रविन्द्र कुमार सिंघई सह सचिव, विकास कुमार पांडे प्रचार मंत्री, राहुल कुमार जैन सह कोषाध्यक्ष, राजकुमार जैन सांगा सह प्रचार मंत्री तथा प्रकाशचंद जैन (दमोह) को विधि सलाहकार बनाया गया। वहीं स्वाति आनंद सिंघई, ज्योति अनिल नायक एवं शरद गोयल को विशिष्ट सदस्य के रूप में शामिल किया गया।
समारोह में जगतगुरु स्वामी राघव देवाचार्य जी महाराज एवं महामंडलेश्वर स्वामी अखिलेश्वरानंद जी महाराज विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी रहे। विशिष्ट अतिथियों में जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीत गौरव पटेल, नगर परिषद अध्यक्ष सुरेशचंद्र जैन, सांसद प्रतिनिधि मूरत सिंह, निर्मल मोदी एवं अरविंद मोदी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान बाबूलाल मोदी चैरिटेबल ट्रस्ट, भोपाल–तेंदूखेड़ा द्वारा एक “शांति वाहन” भी भेंट किया गया। इस वाहन का उपयोग क्षेत्र में अंतिम संस्कार एवं आपातकालीन परिस्थितियों में जनसुविधा उपलब्ध कराने के लिए किया जाएगा। अतिथियों एवं संतों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाजसेवा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
अपने उद्बोधन में संतों ने आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में दयोदय महासंघ का निर्माण हुआ, जिसके अंतर्गत गौसेवा हेतु कई गौशालाओं की स्थापना की गई है। तेंदूखेड़ा का यह केन्द्र इनमें प्रमुख एवं सबसे बड़ी गौशाला के रूप में स्थापित है।

महामंडलेश्वर स्वामी अखिलेश्वरानंद जी महाराज ने कहा कि गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने से अधिक आवश्यक है कि उसे सम्मान और संरक्षण प्रदान किया जाए।
इस अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर में 7 लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। चिकित्सक डॉ. अशोक बारोनिया एवं उनकी पत्नी सीमा बारोनिया ने भी रक्तदान कर प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का समापन गौसेवा एवं सामाजिक सेवा के संकल्प के साथ हुआ। नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने संस्था के विकास एवं सेवा कार्यों को और अधिक सशक्त बनाने का भरोसा दिलाया।
