अस्पताल में लगी लाखों की सोलर प्लेट बनी ‘गैरेज’, मरीज अंधेरे में परेशान

0
Spread the love

तेंदुखेड़ा/सर्रा — तेंदुखेड़ा से करीब 40 किलोमीटर दूर ग्राम सर्रा स्थित शासकीय आरोग्य धाम (प्रसव केंद्र) में इन दिनों व्यवस्थाएं पूरी तरह चरमराई हुई हैं। लाखों रुपये की लागत से लगाए गए सोलर पैनल जहां अस्पताल की बिजली समस्या दूर करने के लिए लगाए गए थे, वहीं अब वे स्टाफ की गाड़ियों को छाया देने का काम कर रहे हैं। इस लापरवाही का खामियाजा मरीजों, खासकर गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को भुगतना पड़ रहा है।

ग्राम सर्रा का यह अस्पताल आसपास के करीब 20 गांवों के लोगों के लिए मुख्य स्वास्थ्य केंद्र है। यहां प्रसव सहित अन्य प्राथमिक उपचार की सुविधाएं उपलब्ध हैं और स्टाफ भी 24 घंटे तैनात रहता है। शासन द्वारा यहां पानी के लिए बोरवेल, हैंडपंप, जनरेटर, सोलर पैनल, वाटर कूलर, साफ-सफाई व्यवस्था और पर्याप्त दवाइयों की सुविधा दी गई थी।

बताया जा रहा है कि करीब दो वर्ष पहले आई तेज आंधी में अस्पताल की छत पर लगे सोलर पैनल उड़कर नीचे गिर गए थे। इसके बाद आज तक उन्हें दोबारा स्थापित नहीं किया गया। नतीजा यह है कि पूरा सोलर सिस्टम बेकार पड़ा हुआ है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन सोलर प्लेटों का उपयोग अब स्टाफ द्वारा गाड़ियों के लिए अस्थायी गैरेज बनाने में किया जा रहा है। अस्पताल परिसर में शासकीय क्वार्टर के पास तीन सोलर प्लेटों से छाया बनाकर वाहन खड़े किए जा रहे हैं, जो साफ तौर पर सरकारी संपत्ति का दुरुपयोग है।

बिजली कटौती के दौरान अस्पताल में हालात और भी खराब हो जाते हैं। न जनरेटर चालू है और न ही सोलर सिस्टम काम कर रहा है, जिससे मरीजों को अंधेरे में इलाज कराना पड़ता है। खासकर प्रसव के समय यह स्थिति गंभीर रूप ले लेती है और कई बार मजबूरी में मरीजों को तेंदुखेड़ा रेफर करना पड़ता है।

इस संबंध में खंड चिकित्सा अधिकारी अशोक बरोनिया ने कहा कि यदि सोलर प्लेटों का उपयोग गैरेज के रूप में किया जा रहा है तो यह सरकारी सामान का दुरुपयोग है। उन्होंने मामले को पुराना बताते हुए जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है।

अब सवाल यह है कि लाखों रुपये की सरकारी संपत्ति यूं ही बर्बाद होती रहेगी या जिम्मेदार अधिकारी समय रहते व्यवस्था सुधारेंगे, ताकि ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

हो सकता है आप चूक गए हों