वार्ड क्रमांक 11 में पानी की भारी किल्लत, महिलाओं का नगर परिषद पर प्रदर्शन

0
Spread the love

दमोह जिले के तेंदूखेड़ा नगर के वार्ड क्रमांक 11 में इन दिनों भीषण पेयजल संकट ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। पानी की समस्या से परेशान महिलाओं ने एकजुट होकर नगर परिषद पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जताई।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, वार्ड में पिछले कई दिनों से नियमित जल आपूर्ति पूरी तरह बाधित है। बोरिंग सप्लाई, नर्मदा जल योजना और टैंकरों के माध्यम से होने वाली पानी की व्यवस्था—तीनों ही ठप पड़ी हुई हैं। हालात ऐसे हैं कि लोगों को पीने के पानी के लिए भी इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।

प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने नगर परिषद के अधिकारियों और अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि पानी के नाम पर केवल कागजों में काम दिखाकर पैसे निकाले जा रहे हैं, जबकि जमीनी हकीकत बेहद खराब है। वहीं वार्ड के पार्षद पर भी लापरवाही के आरोप लगाते हुए कहा गया कि वे जनता की समस्याओं से दूर अपने घरों में आराम कर रहे हैं।

प्रदर्शन के दौरान सुमंत्री भाई साहू, राम प्यारी विश्वकर्मा, गीता विश्वकर्मा, पुष्प साहू, सीमा चक्रवर्ती, मनीषा साहू, पिंकी रैकवार, भगवती झारिया, लक्ष्मी वर्मन, नेहा वर्मन, श्वेता आदिवासी, सावित्री मेहरा, मंजू वर्मन, नशीम बानो, अंजू गौर, विनीता सेन, जरीना बेगम, जाहिर बी, माया रैकवार, रजनी विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं नगर परिषद पहुंचीं और सीएमओ को ज्ञापन सौंपा।

महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जल आपूर्ति व्यवस्था बहाल नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगी। उन्होंने प्रशासन से नियमित पानी की सप्लाई सुनिश्चित करने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

इस संबंध में जब नगर परिषद के सीएमओ से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि नर्मदा जल सप्लाई में बार-बार मशीन खराब होने के कारण समस्या उत्पन्न हो रही है। हालांकि अब सुधार कार्य शुरू कर दिया गया है और टाटा कंपनी द्वारा नई मशीन लगाई जा रही है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि टैंकरों के माध्यम से पानी पहुंचाया जा रहा है और आज शाम 4 बजे के बाद जल आपूर्ति पुनः शुरू कर दी जाएगी।

फिलहाल नगर परिषद की ओर से ठोस समाधान सामने नहीं आने के कारण वार्डवासियों में आक्रोश बना हुआ है।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

हो सकता है आप चूक गए हों