तालाब के कुएं में मिला 13 वर्षीय बालक का शव, हत्या की आशंका से क्षेत्र में सनसनी

दमोह जिले के तेंदूखेड़ा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सैलवाड़ा में उस समय सनसनी फैल गई, जब 13 वर्षीय बालक सुमित रैकवार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में तालाब के एक कुएं से बरामद हुआ। घटना के बाद परिजनों में शोक और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुमित रैकवार पिता राजकुमार (उम्र 13 वर्ष) अपने परिवार के साथ गांव से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर खेत किनारे महुआ बीनने गया था। इसी दौरान वह अपनी साइकिल लेकर यह कहकर निकल गया कि वह खेलने जा रहा है और थोड़ी देर में वापस आ जाएगा। लेकिन कई घंटे बीत जाने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की।
तलाश के दौरान परिजन पास ही स्थित एक तालाब तक पहुंचे, जहां छोटे-छोटे 4-5 कुएं बने हुए हैं। इन्हीं में से एक कुएं में सुमित का शव मिला। परिजनों ने बताया कि मौके पर उसकी साइकिल टूटी-फूटी हालत में पड़ी मिली और शरीर पर चोट के निशान भी दिखाई दिए, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद परिजन सुमित को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
पंचनामा कार्रवाई एएसआई गजराज ठाकुर एवं आरक्षक नीरज नामदेव द्वारा की गई, जबकि पोस्टमार्टम डॉ. प्रियांशु द्वारा किया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल बना हुआ है।
