तेंदूखेड़ा एसडीएम कार्यालय में नोहटा शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर सौंपा गया ज्ञापन

0
Spread the love

तेंदूखेड़ा। जबेरा क्षेत्र के ग्राम नोहटा में संचालित शराब दुकान को गांव से बाहर हटाने की मांग को लेकर मंगलवार को भगवती मानव कल्याण संगठन के पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने तेंदूखेड़ा पहुंचकर एसडीएम कार्यालय में आवेदन सौंपा। यह आवेदन कलेक्टर दमोह के नाम अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) तेंदूखेड़ा के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।

आवेदन में संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि वे लगातार क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ अभियान चला रहे हैं। संगठन द्वारा गांव-गांव जाकर आरती, चालीसा पाठ एवं बैठकों के माध्यम से लोगों को नशामुक्ति के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसके साथ ही अवैध शराब की सूचना पुलिस को देकर कार्रवाई भी करवाई जा रही है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि जबेरा क्षेत्र के कई गांवों—नोहटा, जबेरा, बनवार, सिंग्रामपुर एवं बम्हौरी मानगढ़—में शासकीय शराब दुकानें आबादी क्षेत्र के भीतर संचालित हो रही हैं, जिससे सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है। नोहटा की शराब दुकान घांघरी रोड पर स्थित है, जो पूर्णतः रहवासी क्षेत्र में आती है।

आवेदकों ने बताया कि उक्त दुकान के आसपास धार्मिक एवं शैक्षणिक संस्थान भी स्थित हैं। दुकान से लगभग 100 मीटर की दूरी पर खेर माता मंदिर, 200 मीटर पर शासकीय हाईयर सेकेंडरी स्कूल एवं करीब 400 मीटर पर प्राचीन नोहलेश्वर मंदिर स्थित है। ऐसे में यहां शराब दुकान का संचालन नियमों के विरुद्ध एवं जनभावनाओं के विपरीत बताया गया।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि उक्त मार्ग से सुबह-शाम बड़ी संख्या में ग्रामीण टहलने एवं दैनिक आवागमन के लिए गुजरते हैं, जिससे महिलाओं और बच्चों को असुविधा एवं असुरक्षा का सामना करना पड़ता है।

आवेदन में प्रशासन से मांग की गई है कि नोहटा की शराब दुकान को शीघ्र गांव से बाहर स्थानांतरित किया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि दुकान को यथावत संचालित किया गया तो भगवती मानव कल्याण संगठन द्वारा विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

इस दौरान उपाध्यक्ष जनपद पंचायत जबेरा रश्मि/सुजान सिंह एवं संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश अहिरवाल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

हो सकता है आप चूक गए हों