सड़क के अभाव में ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ीं, मरीजों को चारपाई पर ले जाना पड़ रहा

जबेरा (दमोह)
जबेरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम चेलोद (चीलोद) में सड़क न होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बरसात के दिनों में हालात और भी गंभीर हो जाते हैं।
ग्राम पंचायत चीलोद के एक मोहल्ले में सड़क सुविधा नहीं होने से वहां के बच्चों को स्कूल जाने में कठिनाई होती है। बारिश के समय रास्ते कीचड़ से भर जाते हैं, जिससे बच्चों का स्कूल पहुंचना लगभग असंभव हो जाता है। वहीं, किसी भी गंभीर मरीज को मुख्य सड़क तक ले जाने के लिए ग्रामीणों को करीब 1 किलोमीटर तक चारपाई के सहारे ढोकर ले जाना पड़ता है।
ग्रामीणों में सरपंच प्रतिनिधि सुरेश राय, मोहन सिंह, लाल सिंह प्रजापति, राधा रानी, रानी, राखी, राम लली, ऋषि सिंह सहित अन्य लोगों ने जनपद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि सुजान सिंह से सड़क निर्माण की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि वे कई बार मंत्री के पास भी अपनी समस्या लेकर जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हो पाया है।
इस पर जनपद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि सुजान सिंह ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे तुरंत जबेरा जनपद पंचायत के सीईओ से चर्चा कराकर क्षेत्र का सर्वे कराएंगे और सड़क निर्माण के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
ग्रामीणों को अब उम्मीद है कि जल्द ही उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा और उन्हें आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
