तेंदूखेड़ा में मूलभूत समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन, जल्द समाधान की मांग

0
Spread the love

तेंदूखेड़ा (दमोह)
नगर की विभिन्न मूलभूत समस्याओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तेंदूखेड़ा के तत्वाधान में अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) एवं नगर परिषद सीएमओ के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

तहसील कार्यालय में एसडीएम की अनुपस्थिति के चलते कानूनगो शाखा में पदस्थ दिनेश प्यासी द्वारा ज्ञापन प्राप्त किया गया, जिन्होंने इसे एसडीएम तक पहुंचाने की बात कही। वहीं नगर परिषद तेंदूखेड़ा में सीएमओ की अनुपस्थिति में इंजीनियर भूपेंद्र सिंह ने ज्ञापन लिया।

ज्ञापन में सबसे प्रमुख समस्या पेयजल की बताई गई। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि नगर में नियमित पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। नर्मदा जल योजना पूरी तरह अव्यवस्थित है। नागरिकों से 30 दिन का जलकर वसूला जा रहा है, जबकि केवल लगभग 15 दिन ही पानी मिल रहा है, जिससे लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

दूसरे मुद्दे के रूप में प्रधानमंत्री आवास योजना का जिक्र करते हुए बताया गया कि वार्ड क्रमांक 1 से 5 तक कई परिवार आज भी कच्चे मकानों में रहने को मजबूर हैं। नगर पालिका को नियमित टैक्स देने के बावजूद उन्हें पीएम आवास योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

तीसरी बड़ी समस्या नगर की सफाई व्यवस्था को लेकर उठाई गई। ज्ञापन में आरोप है कि नियमित सफाई नहीं हो रही है और केवल कुछ चुनिंदा क्षेत्रों में ही सफाई की जा रही है, जबकि अन्य स्थानों पर गंदगी का अंबार लगा हुआ है।

चौथे मुद्दे में खराब सड़कों और नालियों की समस्या को प्रमुखता से रखा गया। सीसी रोड बनने के कुछ समय बाद ही खराब हो जाती हैं और नालियों के अभाव में पानी सड़कों पर जमा होकर गंदगी फैलाता है।

इसके अलावा नगर में गैस सिलेंडर की कमी का मुद्दा भी उठाया गया, जिससे लोगों को खाना बनाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इस संबंध में नगर परिषद के इंजीनियर भूपेंद्र सिंह ने आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं को सीएमओ के समक्ष रखकर जल्द समाधान का प्रयास किया जाएगा।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नीलेश यादव ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस आंदोलन के लिए बाध्य होगी।

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नीलेश यादव, युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष श्रीकांत पोरते, चिंतामन पटेल, प्रमोद वेन, डॉ. के.के. चक्रवर्ती, रामकुमार साहू, मदन नामदेव, जमना प्रसाद यादव, पप्पू सिंघाई, भैयालाल मुंशी, शिवप्रसाद अहिरवाल, केहर अहिरवार, अरविंद अहिरवाल, भगवान सिंह मासाब, मुकुट सेन, तिलक अहिरवाल सहित अनेक कार्यकर्ता एवं नगरवासी उपस्थित रहे।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

हो सकता है आप चूक गए हों