ग्राम कलहेरा खेड़ा में शहीद दिवस पर श्रद्धांजलि, युवाओं ने लिया देशभक्ति का संकल्प

तेंदूखेड़ा (दमोह)।
ग्राम कलहेरा खेड़ा में आज 23 मार्च को शहीद दिवस के अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं और बच्चों ने एकत्र होकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में देश के महान क्रांतिकारियों शहीद-ए-आजम भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के बलिदान को याद किया गया।
ज्ञात हो कि 23 मार्च 1931 को इन तीनों वीर सपूतों को लाहौर की सेंट्रल जेल में फांसी दी गई थी। उनके इस सर्वोच्च बलिदान को स्मरण करते हुए ग्राम में स्थापित उनकी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर तिलक लगाया गया तथा सभी ने उनके पदचिह्नों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष प्रतिनिधि एवं भगवती मानव कल्याण के संभागीय अध्यक्ष सुजान सिंह ठाकुर, पत्रकार पुष्पेंद्र सिंह, समाजसेवी राजा खान सहित हेमंत सिंह, वीर पटेल, जसवंत सिंह, दीपेंद्र सिंह, सौरभ सिंह, ओमकार यादव, प्रदीप यादव, ताराचंद कोटवार, मनोज जैन, विनोद राय, रवि सोनी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवाओं और बच्चों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिससे पूरे कार्यक्रम का वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत रहा।
