बस स्टैंड के पास प्रस्तावित शराब दुकान का वार्डवासियों ने किया विरोध

तेंदूखेड़ा (दमोह) – नगर के वार्ड क्रमांक 08 के रहवासियों ने बस स्टैंड क्षेत्र में प्रस्तावित शराब दुकान के स्थानांतरण का विरोध करते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में बताया गया कि वर्ष 2026-27 में संचालित होने वाली शराब दुकान को बस स्टैंड स्थित विद्यानगर वाली गली में सुलभ कॉम्प्लेक्स के सामने खोलने की जानकारी मिली है। इस प्रस्तावित स्थान को लेकर वार्डवासियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि उक्त स्थान अत्यंत संवेदनशील एवं व्यस्त क्षेत्र है, जहां जिम्स साउथ इंडियन स्कूल, सरस्वती स्कूल जाने का मार्ग, बस स्टैंड, प्रतीक्षालय एवं सुलभ कॉम्प्लेक्स स्थित हैं। साथ ही पास में जैन मंदिर भी है, जहां प्रतिदिन श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है।
वार्डवासियों का आरोप है कि इस स्थान पर शराब दुकान खुलने से स्कूली बच्चों, महिलाओं और आम नागरिकों को असुविधा एवं असुरक्षा का सामना करना पड़ेगा। बस स्टैंड से जुड़ा होने के कारण यह मार्ग हमेशा व्यस्त रहता है, ऐसे में यहां शराब दुकान खोलना जनहित के खिलाफ बताया गया है।
इसी को लेकर वार्डवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रस्तावित स्थान पर शराब दुकान को खोलने की अनुमति न दी जाए और इसे किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।
ज्ञापन देने वालों में संदीप कुमार साहू, ऋषभ जैन, गणेश, धीरज सिंह लोधी, कुशल लोधी, राजकुमार लोधी, सुदामा यादव, धर्मेंद्र खटीक सहित अन्य वार्डवासी शामिल रहे।
वार्डवासियों ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांग पर ध्यान नहीं दिया गया तो वे आगे आंदोलन करने को भी बाध्य होंगे।
