दिन में बिजली सप्लाई से किसानों की बढ़ी चिंता, शॉर्ट सर्किट से आग लगने का खतरा

गेहूं की तैयार फसल को बचाने रात में ही बिजली देने की मांग, नोहटा विद्युत केंद्र प्रभारी को सौंपा आवेदन
तेंदूखेड़ा/नोहटा। गेहूं की पककर तैयार खड़ी फसल को आगजनी की घटनाओं से बचाने की मांग को लेकर जनपद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि सुजान सिंह ने नोहटा विद्युत केंद्र के प्रभारी को आवेदन सौंपा है। आवेदन में क्षेत्र के किसानों की समस्या बताते हुए दिन में दी जा रही बिजली सप्लाई को बंद कर केवल रात में बिजली देने की मांग की गई है।
आवेदन में बताया गया है कि नोहटा विद्युत केंद्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम मुवार, झरौली, खमरिया, पटना और छपरवाहा सहित आसपास के क्षेत्रों में इस समय गेहूं की फसल पककर खेतों में तैयार खड़ी है। ऐसे में दिन के समय बिजली सप्लाई होने से शॉर्ट सर्किट का खतरा बना रहता है, जिससे कई बार चिंगारी गिरने से खेतों में आग लग जाती है और किसानों की मेहनत से तैयार फसल जलकर खाक हो जाती है। इस प्रकार की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं।
जनपद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि सुजान सिंह ने विद्युत विभाग से मांग की है कि किसानों की सुरक्षा और फसल को बचाने के लिए दिन में दी जा रही बिजली सप्लाई पूरी तरह बंद कर दी जाए तथा केवल रात के समय ही बिजली दी जाए, जिससे किसान अपनी उड़द व अन्य फसलों की सिंचाई भी कर सकें और आगजनी की घटनाओं से भी बचाव हो सके।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि विभाग द्वारा दिन में बिजली सप्लाई बंद नहीं की जाती और किसी प्रकार की आगजनी की घटना घटित होती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी। किसानों ने भी प्रशासन से इस मामले में शीघ्र उचित कदम उठाने की मांग की है।
