भव्यता के साथ संपन्न हुआ 24 घंटे का दिव्य चालीसा पाठ

0
Spread the love

दमोह। पंच ज्योति शक्ति तीर्थ सिद्धाश्रम धाम एवं भगवती मानव कल्याण संगठन के संयुक्त तत्वावधान में दमोह जिले की जवेरा तहसील के ग्राम परसवाहा में आयोजित 24 घंटे का दिव्य चालीसा पाठ 13 मार्च 2026 से प्रारंभ होकर 15 मार्च 2026 को दोपहर 11 बजे भव्यता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न जाति, धर्म और संप्रदाय के बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

समापन अवसर पर सिद्धाश्रम धाम से पधारे भगवती मानव कल्याण संगठन के केंद्रीय मुख्य सचिव सिद्धाश्रम रत्न आशीष शुक्ला (राजू भैया) ने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि मनुष्य जीवन अत्यंत दुर्लभ और मूल्यवान है। मनुष्य का मूल कर्तव्य धर्म की रक्षा, राष्ट्र सेवा और मानवता की सेवा करना है। उन्होंने कहा कि परम पूज्य गुरुवर ने मनुष्य को साधना और आराधना का मार्ग दिखाया है, जिससे व्यक्ति अपने जीवन को श्रेष्ठ और सार्थक बना सकता है।

उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन को काम, क्रोध, लोभ और मोह जैसी प्रवृत्तियों पर विजय प्राप्त कर आध्यात्मिक उन्नति के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए। गुरुवर ने समाज को नशा मुक्त और मांसाहार मुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया है तथा साधना और आराधना के माध्यम से आत्म उत्थान का मार्ग बताया है।

आशीष शुक्ला ने कहा कि परसवाहा जैसे छोटे से गांव में बिना नाच-गाने के बड़ी संख्या में लोगों का धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होना गुरुवर की कृपा का ही परिणाम है। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम का संचालन प्रांतीय प्रवक्ता बाबूलाल विश्वकर्मा ने किया। वहीं अंत में परसवाहा ग्राम की आयोजन समिति के प्रमुख ने उपस्थित सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी मां भक्तों को शक्ति जल एवं प्रसाद वितरित किया गया।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

हो सकता है आप चूक गए हों