बंदर कोला के ग्रामीणों का जनपद पंचायत मुख्यालय पर धरना, सड़क निर्माण की उठाई मांग

0
Spread the love

जबेरा (दमोह)। जबेरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत हरदुआ सड़क अंतर्गत ग्राम बंदर कोला के ग्रामीणों ने गांव तक सड़क निर्माण की मांग को लेकर जनपद पंचायत कार्यालय जबेरा पहुंचकर धरना प्रदर्शन किया। ग्रामीण जनपद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि सुजान सिंह के नेतृत्व में जनपद पंचायत कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए।

ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांव बंदर कोला तक पहुंचने के लिए कोई पक्की सड़क नहीं है, जिसके कारण चार पहिया वाहन गांव तक नहीं पहुंच पाते। पहले जो पहाड़ी मार्ग था, उसे वन विभाग द्वारा फेंसिंग कर बंद कर दिया गया है। ऐसे में गांव में यदि कोई व्यक्ति बीमार हो जाए या गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाना हो, तो उसे चारपाई पर ले जाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ता है।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि बरसात के मौसम में बच्चों का स्कूल जाना भी मुश्किल हो जाता है। गांव में राशन या अन्य सामान लाने-ले जाने के लिए भी लोगों को सिर पर उठाकर पैदल ही लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर वे कई बार कलेक्टर और मंत्री से भी मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

धरने की सूचना मिलने पर जनपद पंचायत जबेरा के सीईओ डॉ. आर.पी. पटेल मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा की। उन्होंने आश्वासन दिया कि गांव तक सड़क निर्माण के लिए वन विभाग से एनओसी लेने हेतु पत्र भेज दिया गया है और जल्द ही समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

वहीं जनपद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि सुजान सिंह ने चेतावनी दी कि यदि एक माह के भीतर सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ जनपद पंचायत जबेरा का घेराव किया जाएगा।

धरना प्रदर्शन में मुन्ना सिंह मरावी, हाकम सिंह, साहब सिंह, देव सिंह, सरस्वती बाई, फूलबाई, सोमवती सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

हो सकता है आप चूक गए हों

error: Content is protected !!