वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में गिद्ध गणना संपन्न

दमोह : 28 फरवरी 2026
मध्य प्रदेश वन विभाग के निर्देशों के अनुसार, वीरंगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में 20 फरवरी 2026 से 22 फरवरी 2026 तक गिद्धों की संख्या का आकलन किया गया। इस आकलन का उद्देश्य टाइगर रिजर्व में गिद्धों की कुल संख्या का मूल्यांकन करना था। वन मंडल वीरंगना दुर्गावती टाईगर रिजर्व में 20 फरवरी को 951, 21 फरवरी को 741 व 22 फरवरी को 844 गिद्धो की संख्या दर्ज की गई।
वर्ष 2026 के गिद्ध सर्वेक्षण के दौरान कुल सात गिद्ध प्रजातियाँ दर्ज की गईं। इनमें से सबसे अधिक संख्या भारतीय गिद्ध (लॉन्ग बिल्ड गिद्ध) की थी, उसके बाद व्हाइट रंप्ड गिद्ध की। इजिप्शियन गिद्ध की संख्या मध्यम थी, जबकि लाल सिर वाले गिद्ध की संख्या कम थी। यूरेशियन ग्रिफॉन, हिमालयन ग्रिफॉन और सिनेरियस गिद्ध जैसी प्रवासी प्रजातियाँ भी टाइगर रिजर्व में दर्ज की गईं।

