नौरादेही अभयारण्य में डिप्टी रेंजर पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर—जबलपुर रेफर

लक्ष्मण रैकवार
तेंदूखेड़ा। बुधवार दोपहर नौरादेही अभयारण्य में गश्त के दौरान डिप्टी रेंजर बृजेश सेन पर घातक हथियार से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल अवस्था में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तेंदूखेड़ा लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने जबलपुर रेफर कर दिया।
अवैध लकड़ी कटाई रोकने पर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, वन क्षेत्र के विट क्रमांक 273 बोरिया में अवैध रूप से इमारती लकड़ी कटाई की सूचना पर डिप्टी रेंजर बृजेश सेन मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान कथित वन माफिया भूरा से विवाद हो गया। आरोप है कि अवैध कटाई रोकने पर भूरा ने अचानक घातक हथियार से हमला कर डिप्टी रेंजर को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
पहले भी कर चुका है हमला
वनकर्मियों के मुताबिक, आरोपी भूरा पूर्व में सहायक रेंजर दयाराम अहिरवार पर भी जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर चुका है। बताया जा रहा है कि वह चार-पांच महीनों से फरार था और पुनः जंगल में लकड़ी कटवाने की गतिविधियों में संलिप्त था। वन विभाग के कर्मचारियों का कहना है कि आरोपी आदतन अपराधी है और अभयारण्य क्षेत्र में उसका आतंक बना हुआ है।
वनकर्मियों में आक्रोश, सुरक्षा बढ़ाने की मांग
घटना के बाद वनकर्मियों में रोष व्याप्त है। उनका कहना है कि अभयारण्य में स्थायी चौकी और वनकर्मियों की संख्या बढ़ाई जाए। कर्मचारियों ने यह भी बताया कि अधिकांश वनकर्मियों के पास आत्मरक्षा के लिए पर्याप्त साधन नहीं होते, जिससे ऐसे हमलों का खतरा बना रहता है।
उल्लेखनीय है कि डिप्टी रेंजर बृजेश सेन पूर्व में तेंदूखेड़ा रेंज में पदस्थ रह चुके हैं तथा उनका ससुराल तेंदूखेड़ा के वार्ड क्रमांक 11 में है।
वन विभाग द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपी की तलाश जारी है।

