एम बी के चिल्ड्रन पैराडाइज स्कूल में सम्पन्न हुआ सम्मान समारोह

0
Spread the love

तेंदूखेड़ा।
नगर के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान एम बी के चिल्ड्रंस पैराडाइज स्कूल में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला प्रतिभा सम्मान समारोह इस वर्ष भी बड़े ही उत्साह और गरिमामय वातावरण में दो चरणों में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के प्रथम चरण की शुरुआत अतिथियों द्वारा मां सरस्वती पूजन एवं पुलवामा में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों ने नृत्य, गीत, नाटक एवं विविध अभिनय के माध्यम से उपस्थित जनसमुदाय की खूब तालियां बटोरीं। विशेष प्रस्तुतियों में ऑपरेशन सिंदूर, बुंदेली नृत्य, महाराज संभाजी का बलिदान, ममता एक्ट, हॉरर एवं फनी एक्ट प्रमुख रहे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मंच पर सर्टिफिकेट एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व ऊर्जा मंत्री श्री दशरथ सिंह लोधी, जनपद अध्यक्ष श्री तुलाराम यादव, नगर परिषद अध्यक्ष श्री सुरेश चंद जैन, सांसद प्रतिनिधि श्री मूरत सिंह ठाकुर, पूर्व जिला उद्यानिकी अधिकारी श्री रमेश तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकार, अभिभावक एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के द्वितीय चरण में खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न प्रकार की दौड़, कबड्डी, क्रिकेट सहित अन्य खेल शामिल रहे। विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

सम्पूर्ण कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय के शिक्षकों एवं रामानुज भगत मंडल का विशेष योगदान रहा। आयोजन ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि विद्यालय न केवल शैक्षणिक बल्कि सांस्कृतिक एवं खेल प्रतिभाओं को भी निरंतर प्रोत्साहित कर रहा है।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *