तेन्दूखेड़ा में दर्दनाक हादसा: टूटे पुल से गिरकर तीन युवकों की मौत

तेन्दूखेड़ा (दमोह)। शुक्रवार देर रात लगभग 10 बजे तेन्दूखेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत सागर–जबलपुर स्टेट हाईवे पर स्थित व्यारमा नदी के टूटे पड़े पुल से नीचे गिरने के कारण बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान अजय घोषी (21) पिता दारा सिंह घोषी, अमित कुर्मी (21) पिता दुर्गा कुर्मी और पवन कर्मी (22) पिता प्रकाश कर्मी के रूप में हुई है। तीनों युवक छिरारी गांव, थाना रहली, जिला सागर के निवासी थे। वे समनापुर गांव (थाना तारादेही क्षेत्र) में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए बाइक से आ रहे थे।
बताया जा रहा है कि पुल पूर्व में बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हो चुका था। तेज रफ्तार और अंधेरे के कारण बाइक सीधे टूटे हिस्से से नीचे जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि तीनों युवकों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
प्रशासन की अनदेखी पर सवाल
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि व्यारमा नदी पर स्थित इस पुल की मरम्मत को लेकर कई बार शासन-प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पुल का निर्माण या उचित संकेतक लगाए जाते, तो यह हादसा टल सकता था।
थाना प्रभारी रावेन्द्र बागरी ने घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पंचनामा की कार्रवाई एएसआई गजराज ठाकुर और आरक्षक गोपाल सिंह द्वारा की गई। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जहां डॉ. अर्पित पांडे ने परीक्षण उपरांत शव परिजनों को सौंप दिए।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय नागरिकों ने शासन से मांग की है कि पुल का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
