जबेरा जनपद के ग्राम बंदर कोला में सड़क नहीं, ग्रामीणों को भारी परेशानी

0
Spread the love


लक्ष्मण रैकवार

जबेरा। जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत हरदुआ के आश्रित ग्राम बंदर कोला में सड़क न होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव में दो मोहल्ले हैं, जिनकी कुल जनसंख्या लगभग 400 बताई जा रही है। इनमें से एक मोहल्ले तक तो पक्की सड़क पहुंच चुकी है, लेकिन पहाड़ी किनारे बसे दूसरे मोहल्ले तक अब तक सड़क की व्यवस्था नहीं हो पाई है।

ग्रामीणों के अनुसार, वन विभाग द्वारा क्षेत्र में जाली लगाकर रास्ता बंद कर दिया गया है, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। ऐसे में मुख्य मार्ग तक पहुंचने के लिए लोगों को करीब 1 किलोमीटर तक बैरिकेड्स पार कर पैदल चलना पड़ता है।

स्थिति तब और गंभीर हो जाती है जब गांव में कोई व्यक्ति बीमार हो जाता है या गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाना होता है। ग्रामीणों को मजबूरी में मरीजों को चारपाई पर उठाकर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है। बरसात के मौसम में बच्चे स्कूल तक नहीं पहुंच पाते, जिससे उनकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शासन-प्रशासन से सड़क निर्माण की मांग की जा चुकी है, लेकिन वन विभाग की एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) न मिलने के कारण सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है।

जनपद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि सुजान सिंह ने क्षेत्र के मंत्री महोदय से मांग की है कि वन विभाग से शीघ्र स्वीकृति दिलाकर सड़क निर्माण कराया जाए, ताकि ग्राम बंदर कोला के लोगों को राहत मिल सके।

इस दौरान ग्राम के सरपंच मिट्ठू लाल सेन, हाकम सिंह, मुन्ना सिंह, सरस्वती बाई, राजेश सिंह, फूलबाई सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे और उन्होंने एक स्वर में सड़क निर्माण की मांग दोहराई।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *