पंचायत में फर्जी मस्टर से शासकीय राशि आहरण का आरोप

0
Spread the love

जनपद क्षेत्र में भ्रष्टाचार को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश

तेंदूखेड़ा (दमोह)। जनपद पंचायत तेंदूखेड़ा की ग्राम पंचायत झालोन में सरपंच-सचिव पर शासकीय राशि के दुरुपयोग और फर्जीवाड़े के गंभीर आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत में बिना कार्य कराए ही मजदूरों की हाजिरी भरकर मजदूरी राशि निकाली जा रही है।

मामला पंचायत के आश्रित ग्राम नादिया हार का है, जहाँ जनवरी 2026 में प्रेम सिंह के घर से प्रकाश के घर तक सीसी सड़क का निर्माण कराया गया था। ग्रामीणों के अनुसार उक्त सड़क का निर्माण कार्य जनवरी माह में ही पूर्ण हो चुका था।

लेकिन शासकीय पोर्टल पर दर्ज मस्टर क्रमांक 17192 एवं 17193 में दर्शाया गया है कि वर्तमान तिथि में 16 मजदूर उक्त सड़क पर कार्यरत हैं। जबकि मौके पर किसी प्रकार का कार्य जारी नहीं पाया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि जब सड़क पहले ही बनकर तैयार हो चुकी है तो फिर मजदूरों की उपस्थिति दिखाकर राशि आहरित करना सीधा-सीधा फर्जी भुगतान का मामला है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सरकार द्वारा विकास कार्यों के लिए भेजी गई राशि का इस प्रकार दुरुपयोग किया जाना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि ग्राम विकास की भावना के साथ धोखा भी है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि संबंधित मस्टर रोल और भुगतान की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की अनियमितताओं पर रोक लग सके।

यदि आरोप सत्य पाए जाते हैं, तो यह मामला पंचायत स्तर पर पारदर्शिता और जवाबदेही पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

हो सकता है आप चूक गए हों

error: Content is protected !!