तेंदुखेड़ा से निकली भव्य कावड़ यात्रा, जगह-जगह हुआ स्वागत

तेंदुखेड़ा (दमोह)। शिव जी की
आस्था और भक्ति से ओतप्रोत तेंदुखेड़ा नगर से भव्य कावड़ यात्रा धूमधाम से निकली। श्रद्धालु हर वर्ष की तरह इस बार भी माँ नर्मदा का पावन जल भरकर शिवरात्रि पर बांदकपुर स्थित जागेश्वर धाम में भगवान शिव का अभिषेक करने के संकल्प के साथ रवाना हुए।
आज तड़के सुबह करीब चार बजे से कावड़ यात्रियों का काफिला निकलना शुरू हुआ। बीती रात नरगवा स्थित हनुमान मंदिर ,27 मिल एवं जानकी कुंड में लगभग चालीस से अधिक वाहन रुके थे। सुबह स्नान कर श्रद्धालुओं ने पुनः यात्रा आरंभ की और करीब पांच बजे मावला स्थित अर्जुन सिंह लोधी उर्फ नेहरू ठेकेदार के पानी प्लांट पहुंचे।
यहां अर्जुन सिंह उर्फ नेहरू ठेकेदार द्वारा कावड़ यात्रियों के लिए उत्तम नाश्ते की व्यवस्था की गई। श्रद्धालुओं को पोहा, जलेबी और खिचड़ी का वितरण किया गया, साथ ही चाय की भी व्यवस्था रही। यात्रियों के बैठने के लिए समुचित प्रबंध किए गए थे। जानकारी के अनुसार, यहां से लगभग साढ़े सात हजार दोने नाश्ते के वितरित किए गए।
अर्जुन सिंह उर्फ नेहरू ठेकेदार ने बताया कि वे पिछले 11 वर्षों से लगातार निस्वार्थ भाव से कावड़ यात्रियों की सेवा करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा, “मैं भगवान शिव का भक्त हूं। हर कावड़ यात्री में मुझे भगवान शिव के दर्शन होते हैं। उनकी सेवा करना ही मेरे लिए शिवजी के चरण स्पर्श करने के समान है।”
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि नेहरू ठेकेदार धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति हैं और समय-समय पर धर्म कार्यों में सहयोग करते रहते हैं। इसके अतिरिक्त भोंडी तिगड्डे पर भी अन्य श्रद्धालुओं द्वारा कावड़ यात्रियों के लिए चाय-नाश्ते की व्यवस्था की गई।
श्रद्धा, सेवा और समर्पण का यह संगम तेंदुखेड़ा नगर की धार्मिक आस्था का प्रतीक बन गया, जहां कावड़ यात्रियों का जगह-जगह स्वागत कर पुण्य लाभ अर्जित किया गया।
