गांव में शौच करने गए युवक पर जंगली सूअर का हमला, हालत गंभीर

दमोह जिले के तारादेही वन परिक्षेत्र अंतर्गत जामुन बीट क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्राम जामुन पिंडरई निवासी कामोद पाल (पिता–पुरन पाल, उम्र 32 वर्ष) पर सुबह के समय जंगली सूअर ने अचानक हमला कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक सुबह घर से निकलकर नाले के किनारे शौच क्रिया कर रहा था, तभी झाड़ियों से निकले जंगली सूअर ने उस पर हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह सूअर को भगाया।
ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए तेंदूखेड़ा लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जबलपुर रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि यह क्षेत्र तारादेही वन परिक्षेत्र में स्थित जामुन बीट का है, जो सीधे रानी दुर्गावती अभ्यारण्य से सटा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि अभ्यारण्य से जंगली जानवर लगातार रिहायशी इलाकों की ओर आ रहे हैं, जिससे जान-माल का खतरा बढ़ता जा रहा है।
इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने, चेतावनी व्यवस्था और सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।

